Hit And Run Law: भारतीय न्याय संहिता में हिट एंड रन के नए प्रावधानों के विरोध में ट्रक चालकों ने मंगलवार को दूसरे दिन भी चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। चक्का जाम से प्रदेश में पेट्रोल डीजल के साथ ही परचून-सब्जी की सप्लाई पर असर पड़ना शुरू हो गया। दूसरे दिन भी रोडवेज बसें बंद रहने से ट्रेनें ठसाठस हो गईं। अभी पर्यटन सीजन चल रहा है। ऐसे में परिवहन के साधन नहीं मिलने से पर्यटक और यात्री परेशान रहे। इधर, मंगलवार को जयपुर, बीकानेर, बाड़मेर, अजमेर, गंगानगर, सीकर, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, जोधपुर, राजसमंद सहित प्रदेशभर में ट्रक और बस चालकों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। कई जगह हाइवे जाम किए गए। अजमेर में ट्रक चालकों ने जाम और प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव कर एक पुलिस वाहन को आग लगा दी और होटल में तोड़फोड़ कर दी।