जयपुर. रॉ के पूर्व प्रमुख और आईबी के स्पेशल डायरेक्टर पूर्व आईपीएस अधिकारी ए. एस. दुलत का मानना है कि पाकिस्तान का मुद्दा परस्पर संवाद करने से हल हो सकता है। शांति बहाल करने और प्रगति के लिए किसी के साथ सहयोग, वार्ता और सुनने की आवश्यकता है। कश्मीर के मामले में हमने अपने कान बंद कर लिए हैं और मजबूत नीति की बात करके गर्व महसूस कर रहे हैं। मुद्दों को हल करने में दबाव काम नहीं करता, हमें लोगों के दिल और दिमाग को जीतने की आवश्यकता है। हमें शांति प्राप्त करने की इच्छाशक्ति भी होनी चाहिए। किसी भी समस्या को हल नहीं होनेे का कोई बहाना नहीं होता।
जयपुर के अशोक क्लब में दुलत ने अपनी नई पुस्तक 'द स्पाय क्रॉनिकल्स : रॉ, आईएसआई एंड इल्यूजन ऑफ पीस' पर चर्चा की। यह इंटरेक्शन रॉ के फॉर्मर स्पेशल सेक्रेटरी और आईपीएस अधिकारी अमिताभ माथुर के साथ आयोजित किया गया। अपनी पुस्तक के बारे में दुलत ने कहा कि यह पुस्तक एक प्रकार से 'कश्मीरः द वाजपेयी ईयर्स' का आगे के क्रम में है।