
जयपुर। चार साल की प्रतीक्षा के बाद राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों को गुलाबीनगर में देश-विदेश के नामी क्रिकेटरों को फिर खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को 2013 के बाद राजस्थान रॉयल्स के सात आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है। पूर्व आईपीएल कमिशनर ललित मोदी के राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) का अध्यक्ष बनने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एसोसिएशन की मान्यता समाप्त कर दी थी और जयपुर को वनडे और आईपीएल मैचों की मेजबानी से हाथ धोना पड़ा था। डॉ. सीपी जोशी ने दूसरी बाद अध्यक्ष चुने जाने के बाद आईपीएल मैचों की मेजबानी के प्रयास तेज कर दिए थे और बुधवार को घोषित आईपीएल-11 के कार्यक्रम में जयपुर को सात मैचों की मेजबानी सौंप दी गई।
11 अप्रेल को पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स की टक्कर दिल्ली डेयरडेविल्स
आईपीएल का आयोजन 7 अप्रेल से 27 मई तक होगा। इस दौरान जयपुर में होने वाले मैचों में राजस्थान रॉयल्स आईपीएल की अन्य सभी टीमों से एक-एक बार भिड़ेगी। 11 अप्रेल को जयपुर में होने वाले पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स की टक्कर दिल्ली डेयरडेविल्स से होगी।
यह है कार्यक्रम
राजस्थान रॉयल्स v/s दिल्ली डेयरडेविल्स - 11 अप्रेल - शाम 8 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s कोलकाता नाइटराइडर्स - 18 अप्रेल - शाम 8 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s मुंबई इंडियंस - 22 अप्रेल - शाम 8 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s सनराइजर्स हैदराबाद - 29 अप्रेल - शाम 4 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s किंग्स इलेवन पंजाब - 8 मई - शाम 8 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s चेन्नई सुपरकिंग्स - 11 मई - शाम 8 बजे
राजस्थान रॉयल्स v/s रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर - 19 मई - शाम 4 बजे
महाराजा सवाई मानसिंह के नाम से जाना जाता स्टेडियम
जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम देश के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक है। सुंदरता के लिए विभिन्न नामों से संबोधित करने वाले इस शहर का यह स्टेडियम भी अपनी खूबसूरती, बनावट, सुविधाओं और बेहतर माहौल के कारण दुनियाभर के खिलाडिय़ों को आकर्षित करता है। यह स्टेडियम जयपुर घराने के महाराजा सवाई मानसिंह के नाम से जाना जाता है।
महाराजा मानसिंह द्वितीय के शासनकाल के दौरान बने इस भव्य स्टेडियम का वर्ष 2006 में नवीनीकरण किया गया। महाराजा मानसिंह ने खेलों के क्षेत्र में जयपुर का नाम दुनियाभर में रोशन किया। वे होर्स पोलो के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और चैम्पियन थे। यही कारण है कि उनके नाम पर इस विशाल स्टेडियम का नामकरण किया गया। नवीनीकरण के बाद यह सबसे अच्छे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में शुमार हो चुका है।
एसएमएस स्टेडियम में क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों के ट्रैक और विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं भी हैं। जयपुर के सबसे पॉश इलाके में स्थित इस भव्य स्टेडियम की क्षमता 30 हजार दर्शकों की है।
Updated on:
15 Feb 2018, 12:36 PM IST
Published on:
15 Feb 2018, 12:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.