
Jaipur News : एसी मैकेनिक की फोटो। पत्रिका
Jaipur News : बारिश के बाद 15वीं मंजिल की डेढ़ फुट चौड़ी मुंडेर पर फिसलन थी। एसी मैकेनिक सलमान खान ने जोखिम देखकर काम करने से मना भी किया, लेकिन आरोप है कि काम पूरा करने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान सलमान का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे जा गिरा। मौके पर ही उसकी जान चली गई। चित्रकूट क्षेत्र के सिम्फोनिया अपार्टमेंट में हुए इस हादसे ने ऊंची इमारतों में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर फ्लैट मालिक, कंपनी इंजीनियर, ठेकेदार, बिल्डर और सोसायटी अध्यक्ष समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बिना सुरक्षा उपकरण के जोखिम भरे माहौल में काम करवाने के दबाव के चलते यह हादसा हुआ।
जयपुर के चित्रकूट थानाप्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि सिम्फोनिया बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 1505 के मालिक ने घर के एसी (एयर कंडीशनर) की खराबी ठीक करने के लिए मैकेनिक को बुलाया था। पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश के कारण 15वीं मंजिल की बाहरी दीवार और छज्जे पर काफी फिसलन थी। मृतक के भाई फरहान खान ने रिपोर्ट में बताया कि एसी का बाहरी हिस्सा मात्र डेढ़ फुट चौड़ी मुंडेर पर टिका था। बारिश के कारण फिसलन को देखते हुए सलमान ने ऊंचाई पर काम करने से साफ मना कर दिया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मना करने के बावजूद फ्लैट मालिक, एसी कंपनी के इंजीनियर व मेहर गौड़ तथा ठेकेदार ने सलमान पर उसी दिन काम खत्म करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, बिल्डर और 'सिम्फोनिया वेलफेयर सोसाइटी' के अध्यक्ष (चेती) की ओर से भी उस जगह कोई सुरक्षा ग्रिल या रेलिंग नहीं लगाई गई थी। आरोप है कि दबाव में सलमान बिना सेफ्टी बेल्ट या सुरक्षा रस्सी के काम करने लगा। इसी दौरान फिसलन भरी मुंडेर पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 15वीं मंजिल से नीचे आ गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बरकत कॉलोनी जालूपुरा निवासी मृतक सलमान खान परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे 9 साल की मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी सिमरा, 6 साल की बेटी बिसमा, पत्नी अलिया खान, 75 वर्षीय हृदय रोगी पिता जफर खान और 71 वर्षीय मां रशिदाबी रह गए हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ऊंचाई पर काम में सिर्फ सेफ्टी बेल्ट नहीं है, बल्कि मानक के अनुरूप फुल बॉडी हार्नेस होना चाहिए। हार्नेस को मजबूत और उपयुक्त एंकर पॉइंट से जोड़ना जरूरी है। ऊंचाई पर काम के दौरान इंडस्ट्रियल सेफ्टी हेलमेट और उपयुक्त एंटी-स्लिप सेफ्टी फुटवियर जरूरी हैं। गीली और फिसलन वाली मुंडेर, छज्जे या प्लेटफॉर्म पर काम शुरू करने से पहले जोखिम का आकलन जरूरी है। किसी कर्मचारी के गिरकर हार्नेस पर लटक जाने की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए रेस्क्यू प्लान, प्रशिक्षित कर्मी और जरूरी उपकरण होने चाहिए।
Updated on:
28 Aug 2026 09:41 pm
Published on:
28 Aug 2026 09:39 pm
