
जयपुर. भांकरोटा इलाके में सिरसी मोड़ पर 10 दिन पहले दो एटीएम उखाड़ने के लिए बदमाश करीब दो हजार किलोमीटर दूर कर्नाटक से आए थे। भांकरोटा थाना पुलिस ने दोनों वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भुसावर, भरतपुर निवासी चेतन चौधरी, निवाई टोंक निवासी मनराज गुर्जर और नूह हरियाणा निवासी नाजिम हुसैन को गिरफ्तार किया है। गिरोह का सरगना हरियाणा निवासी शाहिद, तौफिक व सदर की पुलिस तलाश कर रही है। शाहिद के खिलाफ एटीएम लूट सहित अन्य अपराध के 22 मामले दर्ज है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम वंदिता राणा ने बताया कि 8 अगस्त की रात को आरोपियों ने एटीएम उखाड़ने की वारदात की थी। आरोपियों ने वारदात के वक्त दोनों एटीएम बूथ में लगी लाइट को तोड़ दी और सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया था। बदमाशों ने पहले एक एटीएम को उखाड़कर कार से केशुपुरा स्थित फार्म हाउस ले गए।
जहां उसे रखकर लौटे और दूसरे एटीएम को भी उखाड़कर फार्म हाउस पर ले गए। जहां पर हथौड़े से मशीन को तोड़ने का प्रयास किया। मशीन नहीं टूटने पर तीन आरोपी कार से हरियाणा गए। जहां पहले वाली कार को छोड़कर दूसरी कार से गैस कटर लेकर आए और दोनों मशीनों को काटा। एटीएम में रखे करीब 37 हजार रुपए लेकर चले गए।
2 हजार किलोमीटर कार से आए बदमाश
पूछताछ में आया कि शाहिद, तौफिक व सदर तीनों आरोपी कर्नाटक स्थित बेंगलूरु में मजदूरी करते हैं। वह दो हजार किलोमीटर दूर से जयपुर वारदात के लिए आए थे। यहां आने के बाद चेतन से मिले और रैकी करके वारदात की।
आगरा रोड पर करने वाले थे वारदात
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने आगरा रोड स्थित जामडोली में भी रैकी की थी। जहां पर 7 अगस्त को वारदात करने की कोशिश में थे। लेकिन बाद में प्लान बदलकर सिरसी रोड पर वारदात की। रैकी के दौरान बदमाश अपना मोबाइल बंद रखते थे।
Published on:
17 Aug 2022, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.