
शिल्पग्राम में नजर आई यूथ की किएटिविटी
आयोजित किए कई कॉम्पटिशन
फेस पेंटिंग, लाइव पोट्रेट मेकिंग की हुई प्रतियोगिता
जयपुर।
राजस्थान विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट डिपार्टमेंट और प्रतिभा एजुकेशनल डवलपमेंट रिसर्च सोसायटी की ओर से आयोजित किए जा रहे पांच दिवसीय जयपुर कला महोत्सव के दूसरे दिन शिल्पग्राम परिसर युवक युवतियों की रचनात्मकता से सराबोर रहा। इस मौके पर दर्जनों युवक युवतियों ने चाइल्ड आर्ट कॉम्पटिशन, लाइव पोट्र्रेट पेन्टिंग, ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग और फेस पेन्टिंग कॉम्पटिशन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। फेस पेन्टिंग कॉम्पटिशन सबसे आकर्षक रहा। इसमें दर्जनों युवक युवतियों ने एक दूसरे के चेहरे पर तरह तरह की आकृतियां बनाईं।
आकर्षित कर रही है इमर्ज आर्ट
मेला परिसर में मुंबई से आए कलाकारों ने हाउस ऑफ इमर्ज के बैनर तले इमर्जिंग आर्ट के कई बेहतरीन नमूने प्रदर्शित किए हैं। इस आर्ट के तहत अलग अलग डायमेंशंस से देखने पर एक ही कैनवास पर तीन अलग-अलग आकृतियां नजर आती हैं। एक पेन्टिग को सीधे हाथ वाले कोण से देखने पर उसमें भगवान श्रीनाथ की प्रतिमा नजर आती है तो उल्टे हाथ वाले कोण से देखने पर श्रीनाथ जी की सांझी की झांकी नजर आती है। यहां आने वाले लोग इन अदभुत पेन्टिंग्स का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।
ये कृतियां भी हैं आकर्षण का केन्द्र
जयपुर की धर्मेंद्रा शर्मा ने चारकोल और सॉफ्ट पेस्टल से ग्रामीण जनजीवन के पोट्रेट और वात्सल्य आधारित पोट्रेट को प्रस्तुत किया है। पीठ पर अपने पेट्स को ले जाती महिला को मार्मिक अंदाज में पेश कर धर्मेंद्रा शर्मा ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। दिल्ली की सुमित्रा अहलावत ने पैन से रेखांकन किया है और इसमें नारी का सौन्दर्य और राधा कृष्ण के प्रेम को खूबसूरत अंदाज में दर्शाकर अपनी विशेष छाप छोड़ी है।
Updated on:
20 Nov 2021, 1:38 AM IST
Published on:
20 Nov 2021, 1:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.