
हरी झंडी दिखाकर फ्लाईओवर पर यातायात चालू करवाते हुए। फोटो- पत्रिका
शाहपुरा। शहर के जयपुर तिराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बुधवार शाम जयपुर-दिल्ली लेन पर शुरुआती चरण में छोटे वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गई। लेन चालू होने से हाईवे पर लंबे समय से बनी जाम की समस्या से वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
पिछले तीन साल से फ्लाईओवर का निर्माण कार्य धीमा चल रहा था। इसको लेकर पत्रिका में कई खबर प्रकाशित की गई। खबर प्रकाशित होने व जनप्रतिनिधियों के दबाव और आमजन के आक्रोश के चलते एनएचएआई ने हाल ही में काम में तेजी लाई।
जयपुर-दिल्ली लेन का अधिकांश काम पूरा होने पर बुधवार शाम करीब सवा छह बजे भाजपा नेता उपेन यादव की मौजूदगी में पूर्व थानेदार दुर्गा प्रसाद शर्मा ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई। इस मौके पर ताराचंद चौधरी, रामप्रकाश नाई, हरिश पांडला सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
फ्लाईओवर निर्माण के कारण शाहपुरा में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। छोटे वाहन, बसें और ट्रक शहर के अंदर से होकर गुजरते थे, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती थी। अब एक लेन शुरू होने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती दिनों में छोटे वाहनों को ही गुजारा जाएगा, बाद में बड़े वाहनों का संचालन भी शुरू होगा।
गौरतलब है कि एनएचएआई ने पहले 1 फरवरी और फिर 10 फरवरी को लेन चालू करने का दावा किया था, लेकिन समय पर काम पूरा नहीं हो पाया। इस पर पत्रिका में 13 फरवरी के अंक में जयपुर-दिल्ली लेन खुलने में फिर देरी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया। समाचार में जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। समाचार प्रकाशित होने के बाद काम में तेजी लाई गई और बुधवार को लेन चालू हो सकी।
Updated on:
19 Feb 2026 02:04 pm
Published on:
18 Feb 2026 09:25 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
