18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर ग्रामीण : पागल लकड़बग्घे का आतंक, 3 पर किया हमला, 2 की हालत गंभीर, ग्रामीणों में दहशत

Hyena Attack: थौलाई और अस्थल गांव में पागल जरख के हमले से दहशत फैल गई, जिसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। वन विभाग ने जरख को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवाया है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

less than 1 minute read
Google source verification
Hyena attack in Rajasthan, Hyena attack in Jaipur rural, Hyena attack, Hyena attack in Jaipur, Jaipur news, Rajasthan news

लकड़बग्घा। फाइल फोटो- पत्रिका

Hyena Attack in Jaipur Rural: जमवारामगढ़ उपखंड के थौलाई व अस्थल गांव में बुधवार को पागल जरख (लकड़बग्घा) के हमले से हड़कंप मच गया। नदी पार की ढाणी निवासी गुटकी देवी और रणजीत मीणा नदी किनारे बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए जरख ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और लाठियों से हो-हल्ला कर किसी तरह जरख को भगाया, लेकिन तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घर के बाहर खड़े व्यक्ति पर मारा झपट्टा

पहले हमले के बाद वही जरख अस्थल गांव पहुंच गया। यहां घर के बाहर खड़े केदार सैनी पर उसने झपट्टा मार दिया और हाथ-पैरों पर कई जगह काट लिया। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बचाया, पर वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में उपचार, दो जयपुर रेफर

घटना के बाद तीनों घायलों को तुरंत जमवारामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गुटकी देवी और रणजीत मीणा की हालत नाजुक होने पर उन्हें एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। केदार सैनी का उपचार जमवारामगढ़ अस्पताल में जारी है।

वन विभाग की कार्रवाई

सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी भवानी सिंह मीणा टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए जरख को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवाया है। लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को सुरक्षित करने की मांग की है।

इनका कहना है

पागल जरख ने महिला सहित तीन लोगों पर हमला किया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। जरख को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगवाया है। घायलों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

  • भवानी सिंह मीणा, क्षेत्रीय वन अधिकारी, नाका प्रभारी धूलारावजी