
युवक के बैग से ममी बरामद, बताया ‘गर्लफ्रेंड’
लीमा. पेरू में पुलिस को एक पूर्व फूड डिलीवरी मैन के पास 600 से 800 साल पुरानी ममी मिली है। ममी आइसोथर्मल बैग में थी, जिसे वह कभी लोगों के घरों में खाना पहुंचाने के लिए इस्तेमाल करता था। 26 वर्षीय जूलियो सीजर बरमेजो को हिरासत में रखा गया है। बरमेजो ने बताया कि वह ममी को ‘जुनीता’ कहता है। वह उसकी आध्यात्मिक प्रेमिका है। वह उसे अपने कमरे में रखता था। उसके साथ सोता था और उसकी देखभाल भी करता था। इस ममी को उसके पिता करीब 30 साल पहले लेकर आए थे। पेरू के संस्कृति मंत्रालय ने कहा, यह पूर्व-हिस्पैनिक अवशेष एक ‘ममीफाइड वयस्क पुरुष’ था, जो संभवत: पुनो के पूर्वी क्षेत्र से था। लीमा से 1,300 किमी दक्षिण-पूर्व में ये जगह है।
ब्रिटेन: वैज्ञानिकों ने मानव खोपड़ी से बनी कंघी खोजी
लंदन. लंदन पुरातत्त्व संग्रहालय (मोला) के वैज्ञानिकों ने मानव खोपड़ी से बनी दुर्लभ प्राचीन कंघी की खोज की है। इसे हिल कॉम्ब नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह ब्रिटेन में लौह युग (750 ईसा पूर्व से 43 ईस्वी) की प्रथाओं पर प्रकाश डाल सकती है। कैंब्रिज से चार मील उत्तर-पश्चिम में बार हिल में इसकी खोज हुई है। खोज में शामिल माइकल मार्शल ने कहा कि यह खोज कैंब्रिजशायर क्षेत्र में रहने वाले लोगों की परंपरा पर प्रकाश डालती है।
गुफा में मिले 5 लाख साल पुराने मानव अवशेष
वारसॉ . वैज्ञानिकों ने पोलैंड के मालोपोल्स्का में ट्यूनल वील्फी गुफा में पाषाण काल के इंसानों के अवशेष खोजे हैं। विलुप्त हो चुके इंसानों के ये अवशेष पांच लाख साल पुराने हैं। इसी के साथ इस गुफा में प्रागैतिहासिक पत्थरों के औजार भी मिले हैं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस खोज से पता चलेगा कि वे आदिमानव कहां और कैसे रहते थे। साइंस अलर्ट पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, इन औजारों को विलुप्त मानव प्रजाति होमो हीडलबर्गेंसिस ने बनाए गए थे।
Updated on:
02 Mar 2023 08:06 pm
Published on:
02 Mar 2023 08:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
