25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

विरोध पर रुका और खामोशी पर चला बुलडोजर

नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मंगलवार को अलग-अलग जगह कार्रवाई कर अतिक्रमण तोड़े। कई जगहों पर विरोध के बीच अतिक्रमण ध्वस्त किए तो कई जगह से दस्ता बैरंग लौट गया।
2 min read
Google source verification
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मंगलवार को अलग-अलग जगह कार्रवाई कर अतिक्रमण तोड़े। कई जगहों पर विरोध के बीच अतिक्रमण ध्वस्त किए तो कई जगह से दस्ता बैरंग लौट गया। शहर में करीब चार घण्टे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण निरोधक समिति के अध्यक्ष प्रकाश सैनी व अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास के नेतृत्व में दस्ता भीतरिया कुण्ड पहुंचा।


यहां चारदीवारी के सहारे रखी बोडी को हटाया जाने लगा तो स्थानीय पार्षद बादाम बाई व पूर्व पार्षद जितेन्द्र सिंह ने विरोध किया। पार्षद का कहना था कि यहां सरस दूध की बोडी है, इसकी निगम की एनओसी भी है। अन्य बोडियों से ट्राफिक जाम नहीं होता। यहां से बोडी हटानी है तो पहले मेन रोड पर हो रहे अतिक्रमण हटाए जाएं। इस पर दस्ता बिना अतिक्रमण हटाए लौट गया।


नहीं की कार्रवाई

महावीर नगर तृतीय स्थित डिस्पेंसरी के पीछे गली में एक मेस संचालक ने सड़क पर ही अतिक्रमण कर रखा था। इसकी शिकायत स्थानीय निवासियों ने निगम कार्यालय में की थी। दस्ते ने इसे हटाया तो मेस संचालक ने विरोध किया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे दूर कर दिया। इसके पास एक दुकानदार द्वारा किए अतिक्रमण को नहीं तोड़ा गया।


जब इसका कारण पूछा तो अग्निशमन अधिकारी का कहना था कि इसे नोटिस नहीं दिया गया। इसलिए सिर्फ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। दस्ते ने कैथूनीपोल स्थित फर्नीचर मार्केट में दुकानों के बाहर लाल लाइन खींच कर सामान दुकानों में रखने की चेतावनी दी।


इधर न्यास ने की कार्रवाई

नगर विकास न्यास के दस्ते ने गुरुवार को भदाना क्षेत्र से अतिक्रमण हटाए। तहसीलदार रामदेव बैरवा ने बताया कि रंगपुर रोड स्थित भगत सिंह कॉलोनी में न्यास की जमीन पर एक व्यक्ति ने चारदीवारी बनाकर अतिक्रमण कर रखा था।


इसकी शिकायत न्यास कार्यालय में की गई थी। मौके पर पहुंचकर नक्शे से मिलाया तो जमीन न्यास की निकली। इस पर चारदीवारी को तोड़ दिया गया। भदाना में कुछ लोगों ने सड़क पर ही अतिक्रमण कर रखा था, जिसे हटाया गया।


इस अतिक्रमण के कारण नाला बनाने में परेशानी हो रही थी। भदाना चौराहे से रंगपुर की तरफ प्रस्तावित 60 फीट रोड पर कुछ लोगों ने मुनादी के बाद भी बोडियां नहीं हटाई। इन बोडियों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया।