
नववर्ष 2024 के स्वागत में सज गया शहर, अनूठे अंदाज में होगा स्वागत
जयपुर। नववर्ष 2024 के स्वागत में आज कई जगहों पर आयोजन हो रहे है। रात होते ही शहर में नववर्ष के स्वागत को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिलेगा। गुनगुना मीठा दूध पिलाकर व्यसन मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। कई स्थानों पर दूध के साथ पकौड़ी और जलेबी भी खिलाई जाएगी। लोग एक—दूसरे को नववर्ष की बधाई देने की होड़ सी मचेगी। नववर्ष के स्वागत को लेकर शहर के होटल व रिसोर्ट्स आदि सजकर तैयार है।
इस बार विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से नववर्ष का स्वागत अनूठे ढंग से करने की तैयारी की जा रही है। संस्कृति युवा संस्था और अन्य सामाजिक संगठनों की ओर से आज रात को नववर्ष का स्वागत शराब की दुकान के बाहर गोल्डन मिल्क पिलाकर की जाएगी। 11 शराब की दुकानें और 50 से अधिक स्थानों पर गोल्डन मिल्क पिलाया जाएगा। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत सांगानेर, मालवीय नगर, रानी सती नगर, खण्डाका हाउस, बनीपार्क, आमेर रोड, प्रताप नगर, जोरावर सिंह गेट, सीकर रोड, झोटवाड़ा, जयसिंहपुरा खोर और सिरसी रोड पर शराब की दुकानों के बाहर लोगों को दूध पिलाया नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। लोगों से 'शराब से नाता तोडो, दूध पिकर सेहत बनाओ' का आग्रह किया जाएगा।
दूध महोत्सव में जुटेंगे लोग
जेएलएन मार्ग पर राजस्थान विश्वविद्यालय के बाहर मुख्य आयोजन होगा। इंडियन अस्थमा केयर सोसायटी, राजस्थान युवा छात्र संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शाम छह से रात 12 बजे तक दूध पिलाया जाएगा। इंडियन अस्थमा केयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह और सचिव धर्मवीर कटेवा ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जनता में यह संदेश देना चाहते है कि नववर्ष का स्वागत दारू से नहीं, गर्मा गर्म दूध पीकर किया जाए। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो अल्पना कटेचा के साथ विशिष्ट जनों को भी दूध महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
नववर्ष के स्वागत में सज गए बाजार
उधर, नववर्ष के स्वागत में बाजार सज गए है। राजधानी के बापू बाजार, नेहरू बाजार में आकर्षक सजावट की गई है। पूरे बाजार को आकर्षक बांदरवालों से सजाया गया।
सुंदरकांड के पाठ
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र भारद्वाज की अगुवाई में विभिन्न स्थानों पर दूध पिलाया जाएगा।
अपराजित फाउंडेशन और हिंदू सेवा मंच की ओर से शाम 6 बजे से महावीर नगर प्रथम स्थित राम मंदिर में सुंदरकांड के पाठ होंगे। इसके बाद दूध वितरण किया जाएगा।
सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प
यूनाइटेड जाट महासभा की ओर से भी शाम को टोंक रोड सहित अन्य जगहों पर दूध पिलाकर नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। साथ ही शराब तंबाकू और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने संबंधी शपथ पत्र भरवाए जाएंगे। श्याम मित्र मंडल, शांति नगर, दुर्गापुरा के तत्वावधान में शाम 6 बजे शांति नगर शॉपिंग सेंटर के बाहर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। साथ ही लोगों को दूध पिलाया जाएगा।
Published on:
31 Dec 2023, 11:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.