
पत्रिका. Jaipur Bomb Blast: एक बार फिर लोगों की आंखों में नमी थी और दिलों में आक्रोश, जो शनिवार को अमर जवान ज्योति पर नजर आया। मौका था 15 साल पहले हुए सीरियल बम ब्लास्ट के धमाकों की बरसी पर राजस्थान पत्रिका की ओर से अमर जवान ज्योति पर कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि देने का। जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। शाम होते ही लोगों ने यहां पंहुचना शुरू कर दिया। बच्चे हो या फिर वृद्ध या जवान और महिलाएं सभी अमर जवान ज्योति पहुंचे और कैंडल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तेज हवा के बीच लोगों ने मोमबत्ती की बजाय मोबाइल टॉर्च की रोशनी से दोषियों के अब तक चिन्हित नहीं होने पर आक्रोश जताया।
हाथों में बम धमाके के पीड़ितों को न्याय दिए जाने और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग करने की तख्तियां लेेकर जिस तरह से यहां श्रद्धांजलि देने लोग पहुंचे उससे साफ था कि शहर में हुए सीरियल बम ब्लास्ट का मंजर आज भी किसी के जेहन से गया नहीं है और आरोपियों को सजा नहीं होने से उनके मन में आक्रोश भी है। कार्यक्रम को 50 से अधिक संगठनों का समर्थन मिला। शाम 7 बजे से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था और रात 9 बजे तक आमजन यहां आकर बम धमाकों के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने धमाके करने वालों की सजा के लिए प्रार्थना भी की।
यूं नजर आया आक्रोश
आज भी 15 साल पहले हुए बम धमाके याद आते हैं तो मन में आक्रोश पैदा होता है। अपने सामने ही लोगों को दम तोड़ते देखा था और उनकी जान नहीं बचा पाने का अफसोस मुझे हमेशा रहेगा। सरकार यदि पीडि़तों के लिए कुछ करना चाहती है तो आरोपियों को फांसी की सजा मिलना बेहद जरूरी है।
चितरंजन शर्मा, अध्यक्ष, ब्राह्मण देवा सेना
पीडि़तों को न्याय मिलना चाहिए यदि ऐसा नहीं हुआ तो बम धमाके के जख्म कभी नहीं भर सकेंगे।
विक्रम सिंह तंवर
इतने साल गुजर गए, लेकिन आज भी उस दर्दनाक हादसे की याद आती है तो रूह कांप जाती है। इन धमाकों में किसी ने अपना पति खोया तो किसी ने अपना पिता और बच्चे लेकिन आरोपियों को सजा नहीं मिल सकी।
राजेश कुमार मीणा, प्रदेश महासचिव, नागरिक सुरक्षा विकास समिति
15 साल निकल गए,परिवार के परिवार उन धमाकों में तबाह हो गए लेकिन दोषियों को सजा नहीं मिली इससे बड़ा अन्याय हो ही नहीं सकता।
धर्मपाल चौधरी, अध्यक्ष, जन जागृति मंच राजस्थान
जब धमाके हुए मैं अपने दोस्त के घर से आ रहे थे, पूरे शहर में दहशत का माहौल था लेकिन इसके बाद भी जयपुरवासियों ने अपने जज्बे को कम नहीं होने दिया और एक-दूसरे का सहयोग किया।
उपेन यादव, प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान बेरेाजगार एकीकृत महासंघ
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में जन समस्या निवारण मंच के सूरज सोनी, जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष गोयल, एमआई रोड व्यापार मंडल सुरेश सैनी, होटल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हुसैन खान, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सादिक खान, प्रदेश महामंत्री भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हामिद खान मेवाती, तालकटोरा विकास समिति के मनीष सोनी, राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्रनेता हरफूल चौधरी,एनएसयूआई से राहुल महला, कुश शर्मा, शोभा राम, राजस्थान विश्वविद्यालय से छात्रा सारा चौधरी, डॉ. भावना, श्रेया,दुर्गा चौधरी, एनएसयूआई के कार्यकर्ता अमरदीप परिहार आदि ने भी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Updated on:
14 May 2023, 9:54 AM IST
Published on:
14 May 2023, 9:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.