
शिक्षामंत्री डोटासरा की पहल पर फतेहपुर में भी आगे आए भामाशाह
जयपुर, 13 मई
शिक्षा मंत्री डोटासरा की पहल पर गुरुवार को सीकर के फतेहपुर के भामाशाह कोविड में मदद के लिए आगे आए। फतेहपुर उपखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डोटासरा की पहल पर पोद्दार परिवार ने 25 ऑक्सीजन सिलेंडर, स्थानीय सरपंच संघ ने 15 ऑक्सीजन सिलेंडरए, महबूब खां देवड़ा ने दस ऑक्सीजन सिलेंडर, दीनदयाल बीएड कॉलेज ने पांच ऑक्सीजन सिलेंडर, हाजी शकील खोखर ने दो सिलेंडर, हाजी निसार खां ने एक सिलेंडर, इस्माइल छीपा ने भी एक सिलेंडर दिया है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि सरकार कोरोना को हराने के लिए पूरी तरह जुटी है। उन्होंने कहा कि सीकर में पहले एक ही कोविड अस्पताल था। बुधवार को लक्ष्मणगढ़ इलाके के जाजोद में भी कोविड अस्पताल शुरू हो गया है। इससे जिलेभर के मरीजों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में भामाशाहों की ओर से फरिश्ते बनकर जनता की जो मदद की जा रही है वह काबिले तारीफ है। इस दौरान पालिका चेयरमैन मुस्ताक नजमी, पूर्व चेयरमैन मधुसूदन भिण्डा, सरपंच संघ प्रतिनिधि आबिद हुसैन सहित अन्य भामाशाह मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी डॉ. प्रतिभा डोटासरा ने कहा कि इस समय विद्यार्थी घरों में हैं, इसलिए बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए ऑनलाइन टैलेंट हंट प्रतियोगिता शुरू की है।
........................
डोटासरा बोले, फतेहपुर में शुरू होगा कोविड सेंटर
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डोटासरा ने कहा कि अब हमारा प्रयास है कि जल्द फतेहपुर का कोविड अस्पताल भी शुरू कराया जाए। इसके लिए सरकार स्तर पर वार्ता हो चुकी है। जल्द यह सेंटर भी शुरू होगा। इससे मरीजों को यही बेहतर उपचार मिल सकेगा।
...........................
भामाशाहों की मदद से दिलाएंगे पल्स ऑक्सीमीटर
कार्यक्रम में डोटासरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना की दूसरी लहर में केस बढ़े हैं। ऐसे में भामाशाहों की मदद से जल्द ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी पल्स ऑक्सीमीटर दिलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग की ओर से मरीजों को घर.घर दवाएं बांटी जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों ने कोरोना गाइडलाइन की पालना करने की अपील की।
............................
विधायक हाकम अली ने दी सौगात
कार्यक्रम में फतेहपुर विधायक हाकम अली ने कहा कि कोविड सेंटर फतेहपुर के लिए वह विधायक कोटे से 16 लाख रुपए दे चुके हैं। अब धानुका अस्पताल के लिए छह लाख रुपए और दिए है, इससे जनरेटर की व्यवस्था हो सकेगी।
Published on:
14 May 2021, 1:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.