
जयपुर/अजमेर
राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने में एक पखवाड़े से कम समय बचा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने कमर कस ली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 अक्टूबर को अजमेर में भाजपा की गौरव यात्रा की समापन सभा को संबोधित करेंगे। वहीं राहुल गांधी 9 अक्टूबर को धौलपुर में रोड शो करेंगे।
अजमेर में खोलेंगे घोषणाओं का पिटारा, सीएम की गौरव यात्रा का करेंगे समापन
पीएम नरेन्द्र मोदी चुनावों से ठीक पहले पहली बार चुनावी सभा करने शनिवार को अजमेर आएंगे। वे राजस्थान गौरव यात्रा की समापन सभा में 40 हजार करोड़ रुपए की ईस्टर्न राजस्थान कैनाल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर हरी झंडी दे सकतेे हैं। सड़कों के शिलान्यास व उद्घाटन की भी योजना है। इस बारे में सरकार की ओर से अभी तक पुष्टि नहीं की गई है। 2013 में भी वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा की समापन सभा में नरेन्द्र मोदी ही मुख्य अतिथि थे। उस समय समापन जयपुर में हुआ था। मोदी लाभार्थी सम्मेलन में जयपुर आए थे। उस समय सीएम वसुंधरा ने कैनाल परियोजना को राष्ट्रीय महत्व की परियोजना घोषित करने का आग्रह किया था।
परियोजना अजमेर के अलावा झालावाड़, बारां, कोटा, बूंदी, सवाईमाधोपुर, टोंक, जयपुर, दौसा, करौली, अलवर, भरतपुर और धौलपुर जिले के लिए फायदेमंद है। सभा में तीन लाख लोगों को लाने का लक्ष्य है, जिसमें 52 हजारबूथ अध्यक्ष होंगे। पूरे प्रदेश के बूथ अध्यक्षों कोसभा में बुलाया गया है। इस सभा के अलावा भाजपा की दो बैठकें भी प्रस्तावित है।
वसुंधरा-बसपा के गढ़ में राहुल करेंगे रोड-शो, 16 सीटों पर रोड शो का रहेगा फोकस
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्वी राजस्थान में 9 अक्टूबर को रोड-शो के जरिए एक तीर से दो निशाने करेंगे। पहला सीएम के गृह जिले में सेंध लगाने के साथ ही बसपा के वोट बैंक में पार्टी को मजबूती देंगे। राहुल का रोड-शो तीन जिलों की 16 सीटों पर प्रभाव डालेगा। इसमें से करीब 10 सीटों पर बसपा का वोट बैंक ठीक-ठाक है। राहुल का पूर्वी राजस्थान में करीब 150 किमी लंबा रोड-शो करना बड़ा कदम माना जा रहा है।
राजस्थान में राहुल का यह तीसरा चुनावी दौरा होगा। जयपुर में रोड-शो के बाद हाल ही डूंगरपुर के सागवाड़ा में रैली कर चुके हैं। कांग्रेस वैसे पूर्वी राजस्थान को इस बार अपने लिए मजबूत मानकर चल रही है। रोड-शो इसलिए अहम है कि एक दिन पहले ही मायावती ने गठबंधन करने से इनकार किया था। दूसरे दिन ही राहुल का इसी क्षेत्र में रोड-शो करना चर्चा का विषय है। पिछले माह भरतपुर संभाग की करौली में संकल्प रैली भी की गई थी। राहुल धौलपुर जिले के राजाखेड़ा के मनिया गांव से रोड-शो शुरू करेंगे। यहां सभा को संबोधित करने के बाद रवाना होंगे। धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी, बयाना, वैर होते हुए रोड-शो महुवा में आकर खत्म होगा। यह रूट करीब 150 किमी लंबा बताया जा रहा है।
Published on:
5 Oct 2018, 7:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.