9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खुद को निर्दोष साबित करते मर गया पीडित, जांच के लिए घूमती रही फाइल, अब पत्नी कर रही संघर्ष

तीन बार जयपुर एफएसएल ने दी पुलिस के खिलाफ रिपोर्ट तो चौथी बार चंडीगढ़ में कराई जांच
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Mukesh Kumar Sharma

•

Updated: 7 Nov 2017, 10:12 PM IST

jaipur

जयपुर . जनता की सुरक्षा करने और अपराधियों को सजा तक पहुंचाने का जिम्मा निभाने वाली पुलिस जमीन के एक विवाद में निर्दोष को ही फंसाने पर आमादा है। जयपुर एफएसएल ने तीन बार निर्दोष के पक्ष में रिपोर्ट दी तो पुलिस को बर्दाश्त नहीं हुआ। खुद को पाक-साफ साबित करने और अपने पक्ष में रिपोर्ट लेने के लिए पुलिस ने चौथी बार चंडीगढ़ में जांच कराई है। इस बीच पीडि़त की मौत हो चुकी है और उसकी लकवाग्रस्त पत्नी न्याय के लिए लड़ रही है लेकिन पुलिस पिघलती नजर नहीं आ रही।

यह है मामला

शिवदासपुरा पुलिस थाने में वर्ष 2013 में जमीन विवाद को लेकर आरोपित नाथूराम के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। नाथूराम कहता रहा कि जिन दस्तावेजों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई है, वे फर्जी हैं और उसे फंसाया जा रहा है। लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी और नाथूराम को गिरफ्तार कर लिया।

खुद माना निर्दोष है, फिर भी...
जमानत मिलने के बाद पीडि़त ने मामला दर्ज कराया कि उस पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई है। इसकी फाइल कई स्तर पर और जांच अधिकारियों की टेबल पर होती हुई 26 अक्टूबर 2015 को मानसरोवर एसीपी तक पहुंची। उन्होंने जांच में माना कि नाथूराम के खिलाफ दर्ज मामला झूठा है और मामला दर्ज कराने वालों ने फर्जीवाड़े का अपराध किया है। तब से नाथूराम न्याय के लिए भटकता रहा लेकिन आज भी फाइल एक से दूसरे अधिकारी की टेबल पर घूम रही है। इस बीच नाथूराम की मौत हो चुकी है और अब उसकी लकवाग्रस्त पत्नी न्याय के लिए लड़ रही है।

जयपुर में नहीं मिली मनचाही रिपोर्ट तो चंडीगढ़ गई पुलिस

पुलिस ने दस्तावेजों को जांच के लिए एफएसएल भेजा लेकिन रिपोर्ट आई कि किसी भी दस्तावेज पर नाथूराम के हस्ताक्षर नहीं हैं। ऐसे में नाथूराम के खिलाफ फर्जीवाड़ा साबित करने में मुश्किल आई और खुद पर सवाल उठने की स्थिति बनी तो पुलिस ने फिर से जांच कराई। इस तरह तीन बार एफएसएल ने पुरानी जांच को ही सही बताया। इसके बावजूद पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारियों ने चौथी बार चंडीगढ़ सीएफएसएल में जांच के लिए नमूने भेजे। सूत्रों के अनुसार वहां से हाल ही पुलिस को रिपोर्ट मिली है। इसमें नाथूराम और आरोपित पक्ष, दोनों के संबंध में कुछ-कुछ पक्ष दिया बताया।

लोकायुक्त को यह भेजी रिपोर्ट
हाल ही लोकायुक्त ने पुलिस कमिश्नरेट से मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी थी। इस पर भेजी गई रिपोर्ट में पुलिस ने नाथूराम के खिलाफ दर्ज मामले को झूठा बताया है। साथ ही शिवदासपुरा के उपनिरीक्षक सुरेशचंद, थानेदार अनिल और एसीपी राजेन्द्र से स्पष्टीकरण मांगने की जानकारी दी है। हालांकि फाइल अब फिर से सीआईडी क्राइम के पास लंबित है।

प्रकरण में चंडीगढ़ सीएफएसएल से जांच रिपोर्ट मिल गई है। मामले में जल्दी ही उच्चाधिकारियों से दिशा-निर्देश लेकर चार्जशीट पेश की जाएगी।

- योगेश गोयल, एडिशनल डीसीपी, साउथ एवं वर्तमान जांच अधिकारी