जयपुर. राजस्थान में इन दिनों फिर से का दौर शुरू हो गया है। पांच संभागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीसलपुर बांध के गेट भी खोलने की तैयारी की जा रही है।
राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम के मिजाज में बदलाव का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम उत्तर भारत की तरफ बढ़ा है। इससे राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में देर शाम अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। जानकारी के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में आगामी तीन-चार दिनों तक बादल गर्जन व आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अधिकतर जिलों में तेज बारिश
भरतपुर, टोंक, बांसवाड़ा के दानपुर, कोटा, सज्जनगढ़, केसरपुर-सलोपट, कुशलगढ़, कोटा के कानावास, रामगंजमंडी, सांगोद, चेचट , झालावाड़, जयपुर समेत अन्य जगहों पर बारिश हुई। भीमसागर बांध में पानी की आवक जारी है, इसके चलते ही बांध के दो गेट छह फीट तक खोले गए हैं। वहीं बांध से 4800 क्यूसेक पानी की निकासी की गई है। अक्टूबर माह में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। झालावाड़ कालीसिंध डैम के तीन गेट 12 मीटर खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।