
Rajasthan Crime: जयपुर। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का खुलासा हुआ है। संजय सर्कल थाना पुलिस ने गैंग के लिए काम करने वाली माया मैडम समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने इसी मामले में चार अन्य गुर्गों को भी पकड़ा था।
पुलिस ने बताया कि नई दिल्ली स्थित द्वारका निवासी सीमा उर्फ रेणु उर्फ माया मैडम, गुजरात के राजकोट निवासी हरेश शैलेष और हरियाणा के हिसार निवासी सचिन वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 4 पिस्टल, मैगजीन और 7 कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी नॉर्थ राशि डोगरा डूडी ने बताया कि आरोपी माया मैडम देश की अलग-अलग जेल में बंद गैंगस्टर्स से मिलकर संदेश विदेश और देश के विभिन्न राज्यों में मौजूद गुर्गों तक पहुंचाने का काम करती थी। जेल में सख्ती होने पर गैंगस्टर्स के पास मोबाइल नहीं पहुंच पाता, ऐसे में वह खुद जाकर संदेशों को पहुंचाती थी। एडीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि इनसे पहले योगेश सैनी, मोहमद अकील मंसूरी, हरेन्द्र बिश्नोई और दीपक सैन को गिरफ्तार किया गया था। इनसे पूछताछ के बाद माया मैडम और अन्य गुर्गों को चिह्नित किया गया।
Updated on:
1 Dec 2024, 8:25 AM IST
Published on:
1 Dec 2024, 8:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.