
Rajasthan Election: जनता जादूगर बनकर कांग्रेस सरकार को गायब करने वाली है-शाह
rajasthan election केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जुबानी हमला बोला है। शाह ने कहा है कि जब मैं राजस्थान आया तो कुछ नेताओं ने कहा कि यहां सोच—समझकर रणनीति बनाना, गहलोत जादूगर हैं। उन्होंने जादू से नौकरियां गायब कर दी। कानून—व्यवस्था को गायब कर दिया, लेकिन अब जनता जादूगर बनकर कांग्रेस सरकार को गायब करने वाली है और 3 दिसंबर को भाजपा की सरकार बनेगी। ओपीएस को लेकर शाह ने कहा कि हमने पूरे देश के लिए एक कमेटी बना रखी है जो इस पर काम कर रही है।
शाह ने जयपुर में प्रेस वार्ता में कहा कि मैंने खुद ने 6 महीने तक प्रदेश का दौरा किया है। साथ ही जन संकल्प यात्रा में पार्टी ने गांव-ढाणियों तक पहुंच बनाकर एक करोड़ से भी ज़्यादा मतदाताओं से संपर्क साधा है। इसके बाद पूर्ण विश्वास से कह रहे हैं कि राजस्थान में जनता ने कांग्रेस सरकार को विदा करने और बीजेपी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। इससे पहले भी लोकसभा चुनाव में 25 सीटें देकर प्रदेशवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जता चुके हैं।
वैभव को सीएम बनाना ही गहलोत का एकमात्र एजेंडा
शाह ने कहा कि गहलोत ने जाति चश्मा पहन रखा है। वह पायलट के लिए दो अच्छी बातें कह दें यही बहुत हैं। गहलोत का एकमात्र एजेंडा वैभव को सीएम के रूप में पेश करना है। गहलोत की गारंटी पर शाह ने कहा कि जिसकी खुद की गारंटी नहीं, उसकी जनता कहां सुनेगी। किसकी गारंटी पर भरोसा करना है, यह जनता जानती है।
मोदी को गलत शब्द बोले तो जनता ने दिया जवाब
राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर शाह ने कहा कि पीएम मोदी को लेकर जब भी देश मे गलत शब्दों का प्रयोग किया है, जनता ने जवाब दिया है। राजस्थान में भी जनता जवाब देगी।
राजस्थान का भला सिर्फ भाजपा ने किया
शाह ने केंद्र में पूर्ववर्ती यूपीए सरकार और मौजूदा एनडीए सरकार की तुलना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान का भला सिर्फ और सिर्फ भाजपा शासित केंद्र सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती केंद्र सरकार जहां वर्ष 2004 से वर्ष 2014 तक सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपए राजस्थान को दिए, तो वहीं भाजपा नीट केंद्र सरकार ने पिछले 9 साल में 8 लाख 70 हज़ार करोड़ रुपए राजस्थान को दिए हैं। इसके अलावा नई रेलवे लाइन बिछाने, 6 हज़ार करोड़ से कोटा में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाने, कई जगहों पर हवाई अड्डे शुरू करने, हाईवे निर्माण करने जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर अलग से पैसा खर्च किया है।
गहलोत सरकार में महिलाएं-दलित असुरक्षित
शाह ने कहा कि राजस्थान में महिलाएं और दलित असुरक्षित हैं। 5 साल में 2 लाख से ज्यादा महिलाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं, 35 हज़ार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं, हर दिन 19 बलात्कार के मामले सामने आ रहे हैं। देश भर के कुल बलात्कार के मामलों में 22% अकेले राजस्थान के हैं। यही कारण है कि राजस्थान की महिलाएं एकजुट होकर गहलोत सरकार के खिलाफ और नरेंद्र मोदी के साथ नजर आती हैं।
चरम पर है तुष्टीकरण की राजनीति
शाह ने गहलोत पर तुष्टीकरण के आरोप लगाए और कहा कि कन्हैयालाल, आदर्श तापड़िया, रतन सोनी, मनु वैष्णव हत्याकांड जैसे मामले बताते हैं कि यहां तुष्टीकरण की राजनीति चरम सीमा पर है। दंगाइयों पर भी कठोर कार्रवाई राज्य की सरकार ने नहीं की। युवा, किसान, महिला, दलित और धार्मिक नेता, सभी लोग सरकार से त्रस्त हैं।
Published on:
23 Nov 2023 12:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
