Rajasthan Politics: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में सोमवार को संजय सर्किल थाने में एफआईआर दर्ज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस सचिव रामसिंह कस्वा ने यह एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होने अपनी रिपोर्ट में भाजपा के मदन दिलावर का नाम भी शामिल करते हुए कहा कि दिलावर ने कहा की मल्लिकार्जुन खड़गे उम्र 80 वर्ष की हो चुकी है और भगवान उनको किसी भी समय पर अपने पास बुला सकता है। कस्वा ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया है कि चित्तापुर से बीजेपी उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे व उनके पूरे परिवार को जान से मारने का षड़यंत्र किया है।
गौरतलब है कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस ने 6 मई को बीजेपी के एक उम्मीदवार का कथित कन्नड़ भाषा का ऑडियो जारी किया था। कांग्रेस ने दावा किया कि मणिकांत राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उनकी पत्नी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की साजिश रची है। दूसरी तरफ कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि हार का सामना कर रही भाजपा अब "कत्ल" पर उतर आई है। उन्होने कहा कि भाजपा उम्मीदवार का ऑडियो आया है, उसमें साफ तौर पर वो ना सिर्फ खड़गे जी और उनके परिवार के लिए गंदी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।