
Free Medication Scheme
विकास जैन / जयपुर। प्रदेश में एक अभिनव प्रयोग के तौर पर शुरू की गई मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना ( CM free drug Scheme ) में राजस्थान को देश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश में इस योजना के सफल क्रियान्वयन से प्रेरित केन्द्र सरकार ने इस मॉडल को वर्ष 2013-14 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ( National Health Mission ) कार्यक्रम का हिस्सा बनाते हुए अन्य राज्यों को भी इसे अपनाने की अनुशंसा की थी। इसके बाद करीब 18 राज्यों की टीमें इसे देखने समझने के लिए राजस्थान आई और अनेक राज्यों ने इसे अपने यहां लागू किया। इस योजना को न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर भी खासी पहचान मिली है।
चिकित्सा विभाग के विशिष्ट शासन सचिव एवं मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. समित शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक ने राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी है। इस योजना को 2 अक्टूबर 2011 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने शुरू किया था। राजस्थान में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना का अध्ययन 18 राज्यों के प्रतिनिधि एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि यहां आकर कर चुके हैं।
कुछ ही समय पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ( Barack Obama ) के सलाहकार पेट्रिक गेसपार्ड ने भी बस्सी और जयपुर में इस दवा योजना के क्रियान्वयन को प्रत्यक्ष रूप से देखा था। हाल ही में स्विट्जरलैण्ड के जेनेवा में भी चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा ( raghu sharma ) ने इसके बारे में प्रस्तुतीकरण दिया था। मिशन निदेशक ने बताया कि केन्द्र सरकार ने एनएचएम में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा और मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना को शामिल किया है। जो राज्य इन योजनाओं को अपने यहां लागू करना चाहते हैं, उन्हें वित्तीय सहायता एनएचएम के अंतर्गत प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया राजस्थान में 750 से अधिक दवाइयां मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के अन्तर्गत प्रदान की जा रही हैं। जो भारत में सर्वाधिक है।
Published on:
28 May 2019, 4:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.