प्रदेश में आंधी और बारिश के बीच अब गर्मी के तेवर बढ़ने वाले हैं। 5 जून से शुरू हो रहे नए सप्ताह में अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है। साथ ही आद्रता का स्तर बढ़ने से मौसम उमस भरा रहेगा। रविवार को जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर और जैसलमेर में गरज के साथ बारिश की संभावना है, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गर्मी तीखे तेवर दिखा सकती है। लेकिन, विभाग का यह भी कहना है कि प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ—साथ छुटपुट बारिश का असर बना रहेगा।