Weather Update: राजस्थान में रविवार को एक बार फिर मौसम ने पलटा खाया। दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को कई जगहों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। भीलवाड़ा जिले में आंधी और बारिश ने कई इलाकों में तबाही मचा दी। बीगोद कस्बे में सौ साल पुराना बड़ का पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। अंधड़ के बाद करीब बीस मिनट तक शहर में झमाझम बरसात हुई। हाड़ौती अंचल में रविवार को मौसम ने पलटा खाया। कोटा में दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को बादल छाए और तेज हवा के साथ करीब एक घंटे रिमझिम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर ,अलवर, दौसा,करौली, धौलपुर, सीकर, सवाई माधोपुर और झुंझुनूं में बरसात और धूलभरी आंधी का अलर्ट दिया है।