
जयपुर। शिक्षा विभाग के हाल भी निराले हैं। करीब 3 माह पहले आठवीं की परीक्षा देने से वंचित रहे विद्यार्थियों की विभाग ने परीक्षा तो ले ली, लेकिन अभी तक परिणाम ही जारी नहीं किया। जबकि दिसम्बर में अद्धवार्षिक परीक्षाएं होनी हैं। ऐसे में अभी तक इन विद्यार्थियों का स्कूलों में कक्षा 9 में स्थाई प्रवेश नहीं हो सका है। इतना ही नहीं कई विद्यार्थी तो ऐसे भी हैं, जो स्कूल छोड़कर दूसरे स्थान पर जाना चाहते हैं, लेकिन परिणाम नहीं आने से वे भी परेशान हैं। जयपुर डाईट में करीब 200 विद्यार्थियों का परिणाम अभी तक अटका हुआ है।
आपको बता दें कि इस साल हुई आठवीं बोर्ड की परीक्षा से वंचित रहे छात्र-छात्राओं का एक साल बचाते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें एक अवसर और दिया था ताकि वे अब परीक्षा देकर आगे की कक्षा में प्रवेश ले सकें।प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा 2016 में अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों की परीक्षाएं 8 अगस्त से 13 अगस्त तक आयोजित की गई थी। इन परीक्षाओं का लाभ कक्षा 8 की बोर्ड परीक्षा में अनुपस्थित रहे अथवा किसी विषय की परीक्षा नहीं दे सके छात्र छात्राओं को मिला था लेकिन परीक्षा परिणाम जारी नहीं होने के कारण अभी तक इन विद्यार्थियों का स्कूलों में कक्षा 9 में स्थाई प्रवेश नहीं हो सका है।
अन्य लाभ भी नहीं मिले -
आठवीं का वंचित विद्यार्थियों का परिणाम जारी नहीं होने से विद्यार्थी परेशान हैं। उन्हें सरकारी योजनाओं का भी लाभ नहीं मिल रहा है। यहां तक की साइकिल और छात्रवृत्ति का लाभ भी इन विद्यार्थियों को नहीं मिला है।
हमने बोर्ड को भेज दिया परिणाम -
परिणाम हमने बोर्ड को भेज दिया है। जल्द ही जारी हो जाएगा। बोर्ड से हमने इस संबंध में निर्देश भी मांगे हैं।
-नाहर सिंह, परीक्षा प्रभारी,डाईट, गोनेर
जल्द जारी हो परिणाम -
डाईट को जल्द ही आठवीं बोर्ड परीक्षा में वंचित रहे विद्यार्थियों का परिणाम जारी करना चाहिए। परिणाम जारी होने के बाद भी उन्हें आगामी कक्षा में स्थाई प्रवेश मिल सकेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पाएगा।
-विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
Published on:
22 Nov 2017, 1:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.