
दो साल पुराना होर्डिंग आमजन को कर रहा है भ्रमित
जेएलएन रोड पर धूमधड़ाके से विभाग के अभियान का आगाज
जयपुर। परिवहन विभाग आज से 30 अप्रेल तक प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा अभियान शुरू कर रहा है। आज जवाहर सर्कल पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लोगों में सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जन जागरूकता वाहन रैली निकाली गई जो जवाहर सर्कल से अलबर्ट हॉल तक पहुंची। वहीं दूसरी तरफ प्रादेशिक परिवहन कार्यालय झालाना में लगे होर्डिंग विभाग की लचर कार्यशैली बयां कर रहे हैं। झालाना आरटीओ कार्यालय मेन गेट पर बीती शाम लगाए गए होर्डिंग में आज से प्रदेशभर मे मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर सूचनाएं चस्पा की गई हैं। वहीं ठीक इसी होर्डिंग के पास बीते दो साल पहले मनाए सड़क सुरक्षा सप्ताह के होर्डिंग को हटाने अथवा उसकी जगह नया होर्डिंग लगाने की जहमत तक विभाग के आला अफसरों ने जरूरी नहीं समझी है। मालूम हो झालाना आरटीओ कार्यालय में रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है और ठीक मेन गेट से ही लोग कार्यालय परिसर में प्रवेश कर लर्निंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और परमिट आदि कार्यों के लिए प्रवेश करते हैं। ऐसे में मेनगेट पर लगे होर्डिंग विभाग के अफसरों की कार्यशैली बयां करते नजर आ रहे हैं।
स्कूलों में भी मनेगा सप्ताह
'जीवन अनमोल है' थीम पर आयोजित 29वां सड़क सुरक्षा सप्ताह का आगाज आज से हो रहा है। स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देने के लिए जिले के स्कूलों में भी सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए जिले के 40 स्कूलों को चिह्नित किया जाएगा। इन स्कूलों में आसपास के दूसरे स्कूलों के विद्यार्थियों को भी सड़क सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। सड़क सुरक्षा सप्ताह 30 अप्रेल तक चलेगा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने, नशे में वाहन नहीं चलाने, वाहन की समय पर प्रदूषण जांच और फिटनेस कराने, पार्किंग, लाइसेंस की अनिवार्यता, वाहन की गति सीमा, सड़क सुरक्षा के प्रतीक चिह्नों, वाहन का सही दिशा में ओवर टेक, जेब्रा क्रॉसिंग व सिग्नल्स आदि की जानकारी दी जा रही है।
जन जागरूकता रैली निकालेंगे बच्चे
सड़क सुरक्षा जन जागरूकता पैदल रैली व साइकिल रैली भी इसी कड़ी में निकाली जाएंगी। साथ ही सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित स्लोगन, वाद—विवाद, ड्राइंग, पोस्टर, प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थानों पर आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। स्कूलों में होने वाले इन कार्यक्रमों की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को फोटो और बैनर के साथ भेजनी होगी। इसके लिए प्रादेशिक परिवहन विभाग की ओर से प्रत्येक विद्यालय को 7500 रुपए की राशि भी दी जाएगी।
Published on:
23 Apr 2018, 12:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.