
मेडिकल कर्मचारियों का काला कारनामा उजागर करने वाली दबंग जीएम दिव्या का तबादला
ओमप्रकाश शर्मा / जयपुर। सरकारी दवा की दुकानों पर राज्य उपभोक्ता भंडार (कॉनफेड) के कर्मचारियों के करोड़ों के कारोबार का खुलासा करने वाली महाप्रबंधक दिव्या खंडेलवाल का शुक्रवार को तबादला कर दिया गया। चौबीस अधिकारियों की तबादला सूची में उन्हें टोंक सीसीबी में लगाया गया है। मेडिकल अनुभाग के प्रबंधक मनोज मान का भी तबादला किया गया है।
दिव्या ने 24 अगस्त को मेडिकल अनुभाग और गोदाम का औचक निरीक्षण किया था। इसके बाद एक टीम के साथ वहां की पड़ताल कर 29 अगस्त को रिपोर्ट सौंपी थी। इसमें खुलासा किया था कि कॉनफेड के कर्मचारी सरकारी दवा की दुकान की आड़ में करोड़ों का कारोबार कर रहे हैं। कर्मचारी दुकानों पर आपूर्ति करने वाली कम्पनी व वितरक कम्पनियों से जुड़े हैं। कमीशन के चक्कर में बड़ी कम्पनियों को भी विभाग तब ही ऑर्डर देता है, जब वे कर्मचारियों से जुड़ी कम्पनियों को वितरक नियुक्त करते हैं। एक ही कम्पनी के दो वितरिक होने पर अधिक ऑर्डर व भुगतान चहेती कम्पनी को होता है। छद्म नाम से चल रहीं कर्मचारियों की कम्पनी को भुगतान भी क्रम तोड़कर किया जा रहा है। रिपोर्ट में भुगतान के दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा गया कि एक ही कम्पनी को लगातार भुगतान किया जा रहा है जबकि अन्य कम्पनियों के भुगतान बकाया हैं।
महाप्रबंधक की रिपोर्ट से विभाग में हलचल मच गई। कुछ कर्मचारियों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया। जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई से पहले अतिरिक्त रजिस्ट्रार विजय कुमार शर्मा ने मेडिकल अनुभाग के प्रबंधक मनोज मान से जवाब मांगा था। मनोज मान इस पर टिप्पणी भी दे चुके हैं। रिपोर्ट पर अन्तिम निर्णय होने से पहले ही विभाग ने महाप्रबंधक व प्रबंधक को हटा दिया।
इनका भी हुआ तबादला
अश्विनी कुमार को विशिष्ट एमडी सीसीबी डूंगरपुर, रेणु एस. अग्रवाल को एमडी सीसीबी चित्तौडगढ़़, अनिमेष पुरोहित को एमडी सीसीबी बांसवाड़ा, बजरंगलाल को एमडी सीसीबी अजमेर, रामसुख को एमडी सीसीबी बाड़मेर, संदीप शर्मा को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां झुंझुनूं, रामचरण मीना को जीएम उपभोक्ता होलसेल भंडार जोधपुर, अवतार सिंह मीना को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां धौलपुर, नवरंगलाल विश्नोई को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां जालौर, सौमित्र कुमार मंगल को सीइओ क्रय-विक्रय सहकारी समिति बारां, ब्रजेश जोशी को विशेष लेखा परीक्षक सहकारी समितियां पाली, मोहम्मद रज्जाक को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां ब्यावर, सुनीलकुमार गुप्ता को इओ सीसीबी अलवर, पूनाराम को इओ सीसीबी पाली, रणवीर सिंह परिहार को उप रजिस्ट्रार जेडीए जयपुर, राकेश पुरोहित को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां जोधपुर, विजय कुमार कुमावत को सहायक रजिस्ट्रार उद्योग, मनोज कुमार मान को सहायक रजिस्ट्रार ट्रेनिंग, नारायण सिंह को सचिव पीएलडीबी जालौर, दिनेश कुमार बोहरा को सचिव पीएलडीबी सिरोही, जगदीश सिंह को सीइओ क्रय-विक्रय सहकारी समिति पाली, दीर्घायु पाराशर को विशेष लेखा परीक्षक सहकारी समितियां भीलवाड़ा, प्रदीपकुमार शर्मा को उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां सवाई माधोपुर।
Published on:
7 Sep 2019, 7:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.