
जयपुर। प्रदेश के नेताओं की पार्टी हाईकमान के साथ दिल्ली में हुई बैठकों के बाद से ही कांग्रेस में हलचल बढ़ी हुई है। पार्टी नेताओं के बीच मेल-मिलाप का दौर चल रहा है, एक ओर जहां पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के आवास पर उनके समर्थक विधायक उनके साथ बैठकें कर रहे हैं तो वहीं पूर्व मंत्री हरीश चौधरी के आवास पर भी हलचल रही है। बीते दो दिनों में सचिन पायलट सहित कई नेता मुलाकात के लिए पहुंचे थे। ऐसे में इस मेल-मिलाप के भी कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर चर्चा यह भी है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन को लेकर लेकर कई फैसले हो सकते हैं।
2 दिन से चर्चा का विषय बने हुए हैं हरीश चौधरी
दरअसल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात के बाद से ही जयपुर पहुंचे हरीश चौधरी बीते 2 दिन से सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। हरीश चौधरी से मुलाकात के लिए सचिन पायलट भी उनकी आवास पहुंचे थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री गहलोत के करीबी माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री रामलाल जाट, परसादी लाल मीणा और प्रमोद जैन भाया भी उनसे मुलाकात के लिए पहुंचे थे। वहीं हरीश चौधरी मंत्री लाल चंद कटारिया से भी जाकर मिले।
ऐसे में चर्चा इस बात की थी कि क्या हरीश चौधरी राहुल गांधी का कोई संदेश लेकर जयपुर पहुंचे हैं। हालांकि नेताओं से मुलाकात को लेकर पूर्व मंत्री हरीश चौधरी का कहना है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी नेताओं को निर्देश दिए हैं कि अगर एकजुट होकर चुनाव लड़े तो जीतेंगे। राहुल गांधी का संदेश सभी नेताओं के लिए हैं, दिल्ली में मुलाकात के दौरान भी राहुल गांधी को सभी एकजुट रहने के निर्देश दिए हैं।
पायलट के आवास पर भी समर्थकों का तांता
वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के आवास पर भी अब लगातार उनके समर्थकों नेताओं की आवाजाही बनी हुई है। शुक्रवार को भी उनके आवास पर कई नेता मुलाकात के लिए पहुंचे थे तो शनिवार को भी कांग्रेस विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा, हरीश मीणा, इंद्राज गुर्जर, सुरेश मोदी, वेद प्रकाश सोलंकी सहित कई अन्य नेताओं ने भी सचिन पायलट से मुलाकात की थी।
संगठनात्मक नियुक्तियों के लिहाज से एक सप्ताह अहम
प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों के लिहाज से आगामी एक सप्ताह काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि 29 जिलाध्यक्षों की घोषणा जल्द हो सकती है। इसके अलावा सचिन पायलट को भी सत्ता या संगठन में कोई बड़ी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। साथ ही पूर्ववर्ती सरकार के भ्रष्टाचार के मामलों सहित जिन तीन मांगो पर कार्रवाई की मांग सचिन पायलट ने की थी उन पर भी कोई न कोई फैसला हो सकता है।
वीडियो देखेंः- सक्रिय हुआ Congress - BJP का शीर्ष नेतृत्व, अब 'गुटबाजी' दूर करने पर फोकस
Published on:
02 Jul 2023 01:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
