
सुभाष महरिया की भाजपा में एंट्री, अगला नंबर किसका
जयपुर। सुभाष महरिया की भाजपा में फिर एंट्री हो गई है। प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की उपस्थिति में महरिया ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय पर पार्टी जॉइन की। इस दौरान उनके घनिष्ठ मित्र नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भी मौजूद रहे। महरिया के बाद अब कौन भाजपा जॉइन करेगा, इस पर सबकी निगाहें हैं।
महरिया को पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का करीबी माना जाता है। कांग्रेस में महरिया की एंट्री में पायलट, उस समय के प्रभारी गुरुदास कामत सहित कई नेताओं की अहम भूमिका रही थी। मगर लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि गहलोत सरकार के कामकाज से महरिया खुश नहीं हैं। ऐसे में उनकी दोबारा भाजपा में एंट्री होगी। महरिया के भाजपा में आने से शेखावाटी में पार्टी को मजबूती मिलेगी। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के साथ महरिया की जुगलबंदी आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती देगी।
अटल सरकार में रहे मंत्री
महरिया 1999 से 2003 तक ग्रामीण विकास मंत्री रहें। फिर अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जनवरी 2003-2004 तक उपभोक्ता मामला खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री बने। महरिया बीजेपी के टिकट पर तीन बार चुनाव लड़ा और जीते, लेकिन फिर 2009 में महादेव सिंह खंडेला ने उन्हें शिकस्त दी थी।
यह भी पढ़ें:-कर्नाटक का मसला सुलझा, क्या अब राजस्थान में खत्म होगी खींचतान
2014 में हुए बागी और हार गए
साल 2014 में बीजेपी ने महरिया का टिकट काट दिया और सुमेधानंद सरस्वती को प्रत्याशी बना दिया। इससे नाराज महरिया ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और हार गए। इसके बाद 2019 में वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन इस बार भी भाजपा के सुमेधानंद सरस्वती ने उन्हें हरा दिया।
Updated on:
19 May 2023, 2:50 PM IST
Published on:
19 May 2023, 2:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.