गुलाबी नगर ने स्वच्छता के सफर में मजबूत आधार बनाया है। यहां तक आने के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी। घर-घर तक हूपर पहुंचाए, सड़कों से कचरा डिपो हटाए, गार्ड लगाए और समस्याओं का निस्तारण भी जल्द करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन बनाने से लेकर कचरे को अलग-अलग करने की प्रक्रिया भी शुरू की। अब बारी हमारी और आपकी है। शहर को टॉप में शामिल करने के लिए शहरी सरकारों के साथ-साथ हम सभी को आगे आने की जरूरत है। कमियों को समझना होगा। ये खूबियों को और निखारने का समय है। पूरे शहर को आगे आकर भागीदारी निभानी होगी।