
जिगर के टुकड़े का सिर कुचल कर भाग गया कार चालक
जयपुर। अजमेर जिले के केसरगंज गोल चक्कर स्थित एक दुकान के पास सोमवार शाम को करीब चार बजे एक महिला अपने डेढ़ साल के पुत्र कान्हा को गोद में लेकर खड़ी थी। तभी एक कार चालक ने मां-पुत्र को टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर लगने से बच्चा उछलकर जमीन पर गिर गया। कार के टायर के नीचे आने से बच्चे का सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बालक कान्हा की मां माया जेएलएन अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़ गई। पुलिस ने एक घंटे समझाइश के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार माया ब्यावर रोड पर एसपीसी-जीसीए के पास झोंपडि़यों में रहती है। अस्पताल में चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों ने पोस्टमार्टम की बात कही, तो माया की रुलाई फूट पड़ी। उसने कहा- तुम बुरी तरह चीर-फाड़ करते हो, मैं अपने जिगर के टुकड़े का पोस्टमार्टम नहीं कराऊंगी...। माया अपने बच्चे का शव गोद में लेकर बैठ गई। उसके रिश्तेदार भी शव को घर ले जाने पर अड़ गए। पुलिस के समझाने पर करीब एक घंटे बाद परिजन माने। बाद में शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
पुत्र का शव देख बिलखती रही
माया बार-बार बच्चे के शव को देख बिलखती रही। मासूम के सिर के मांस के टुकड़े सड़क से चिपक गए। यह देख वहां मौजूद अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गईं। लोगों ने शव पर कपड़ा डाला। मृतक कान्हा का पिता दुर्गा अजमेर में नहीं है। वह घर से नाराज होकर कहीं चला गया है। दुर्गा और माया मूलत: भीलवाड़ा के कुशालपुरा निवासी हैं। वह झाड़ू-टोकरी और अन्य सामान बनाते हैं।
Published on:
11 Oct 2022 12:52 am
