राजस्थान के दौसा के सदर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात को ट्रक यूनियन के समीप पुलिस को दो युवक गंभीर हालत में मिले हैं। घटनास्थल के समीप ही एक बोलेरो कार भी क्षतिग्रस्त खड़ी मिली है। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां एक युवक की मृत्यु हो गई।
प्रथमद्ष्टया पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मान कर चल रही है दूसरे युवक को गंभीर हालत में जयपुर रैफर किया गया है। मृतक व्यक्ति की पहचान समीप ही बडौली गांव के युवक के रूप में हुई हैं। पुलिस इसे आपसी रंजिश के चलते हमला मान कर जांच में जुटी हैं।
घटनास्थल के पास ही ढाबे और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही हैं। युवकों के पास से कई मोबाइल और पर्चियां भी मौके पर मिली हैं। सूचना के बाद एएसपी प्रकाश कुमार, सीओ राजेन्द्र त्यागी और एसएचओ मुरारीलाल मीना मौके पर पहुंच गए है और घटना के पहलुओं की जांच में जुटे हुए हैं। एएसपी प्रकाश कुमार ने बताया कि घटनास्थलपर दुर्घटना के कोई निशान नहीं मिले है। ऐसे में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। हालांकि साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद ही कोई स्पष्ट निष्कर्ष निकल पाएगा।