स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक को सांसद बनकर मोबाइल पर धमकाने के मामले में जयपुर पुलिस ने भरतपुर के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष चौधरी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। धमकी 12 नवंबर को डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के 11 दिन बाद 23 नवंबर को दी गई थी। पुलिस ने डॉक्टर के घर से दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी थी कि वह नंबर डॉ. मनीष चौधरी का ही था। अशोक नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को भरतपुर के डिप्टी सीएमएचओ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को भरतपुर से पकड़ा है और उससे इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। एसएचओ धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरएएस अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भरतपुर डिप्टी सीएमएचओ डॉक्टर मनीष चौधरी (45) निवासी हीरादास सर्किल अटलबंद, भरतपुर को गिरफ्तार किया है। मोबाइल कॉल की डिटेल के आधार पुलिस ने मंगलवार को डॉ. चौधरी के आवास पर दबिश दी और वहां नहीं मिलने पर भरतपुर स्वास्थ्य भवन से उसे गिरफ्तार किया गया। डॉ. चौधरी भरतपुर में एक निजी अस्पताल का संचालन भी करता था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जयपुर लाई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।