
जयपुर. डीजल की दरें घटाने, टोल से मुक्ति देने, ई-वे बिल के विरोध सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर ट्रक ऑपरेटरों की बेमियादी हड़ताल दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। राजधानी सहित राज्य में अधिकतर ट्रांसपोर्ट कम्पनियां बंद रहीं, ट्रक जहां के तहां खड़े रहे। इससे लाखों लोग प्रभावित रहे। विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार मांगें नहीं मानेगी तो हड़ताल जारी रहेगी।
ट्रक ऑपरेटरों ने दावा किया कि हड़ताल के बीच राजधानी से माल की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। माल गोदामों-दुकानों से बाहर नहीं निकल सका। मंडियों में शनिवार को फल-सब्जियों की आवक पर असर नजर आया। आम, खीरा, मक्का के ट्रक नहीं पहुंचे। व्यापारियों का कहना है कि हड़ताल जारी रही तो सब्जी की किल्लत हो सकती है क्योंकि बारिश के कारण इन दिनों सब्जी का स्टॉक कम रहता है।
जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदरकुमार चड्ढा ने बताया कि केवल दूध आदि अत्यंत जरूरी सामान वाले ट्रकों को जाने दिया जा रहा है। महामंत्री अनिल आनंद ने बताया कि हाइवे पर रुके ट्रक चालकों आदि की मदद के लिए दस्ते बनाए गए हैं।