
जयपुर। प्रदेश में मानसून की मेहर जारी है। हाड़ौती सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सबसे अधिक वर्षा बारां में हुई, यहां 24 घंटे में करीब 14 इंच बारिश रेकॉर्ड की गई। राजधानी जयपुर में इस मौसम में मंगलवार को पहली बार 30 घंटे में 5.5 इंच बारिश हुई। सडक़ें दरिया बन गईं। घरों-दुकानों में पानी घुस गया। कई जगह जाम के हालात बन गए। वहीं सांभरिया पदमपुरा मार्ग पर स्थित ढूंढ नदी की रपट पर मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे एक ऊंट गाड़ी में सवार दो लोग भी रपट से निकल रहे थे। ऐसे में कुछ दूर चलते ही ऊंट गाड़ी सहित तेज बहाव में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला। ऊंट को भी स्थानीय युवाओं ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे का शिकार हुए ऊंटगाड़ी चालक अभयपुरा निवासी रामेश्वर मीणा तथा गणेश मीणा ने बताया कि वे रोजाना रपट के उस पार मिट्टी भरने जाते हैं लेकिन आज पानी का बहाव तेज होने से ऊंट नें संतुलन खो दिया जिससे बहाव में फंस गए।
गोनेर पुलिया पार करने के दौरान पानी के बहाव में फंसे दो युवक
जयपुर। रात को बारिश के बाद द्रव्यवती नदी पर बनी गोनेर पुलिया पर करीब दो से चार फीट पानी बह निकला। रात को पुलिया पार करने के दौरान बाइक सवार दो युवक उसमें फंस गए। युवकों के चिल्लाने पर स्थानीय लोग जमा हो गए और रस्सा डालकर उनकी जान बचा ली। लेकिन उनकी बाइक नदी में बह गई। शिवदासपुरा थाना पुलिस नदी में बाइक की तलाश करने में जुटी है। हादसे के बाद पुलिस ने रात को बेरिकेट्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया। आज सुबह रास्ते को फिर से खोल दिया गया। पुलिस के अनुसार चाकसू निवासी राकेश लूनियावास में बाइक सर्विस सेंटर चलाता है। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे राकेश गांव से अपने साथी के साथ बाइक से लूनियावास लौट रहा था। गोनेर पुलिया पार करने के दौरान उनकी बाइक पानी के तेज बहाव के चलते उसमें फंस गई। इस पर राकेश व उसके साथी ने चिल्लाना शुरू कर दिया। यह देखकर आस-पास के लोग जमा हो गए। लोगों ने रस्सी फेंक कर राकेश व उसके साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी बाइक पानी के तेज बहाव में नदी में बह गई। सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दूसरे वाहन से गंतव्य तक पहुंचा दिया। पुलिस द्रव्यवती नाले में बाइक को लेकर सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल बाइक का पता नहीं चल पाया है।
Updated on:
25 Jul 2018 01:20 pm
Published on:
25 Jul 2018 01:10 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
