
बच्चों के निजी डाटा के गैर-कानूनी इस्तेमाल पर ब्रिटेन में टिकटॉक पर 130 करोड़ का जुर्माना
लंदन. बच्चों से जुड़े निजी डेटा के गैर-कानूनी इस्तेमाल समेत कई उल्लंघनों के लिए ब्रिटेन ने चीनी ऐप टिकटॉक पर 1.27 करोड़ पाउंड (करीब 130 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया है। ब्रिटिश निगरानी तंत्र सूचना आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, टिकटॉक ने अपनी ही नीति के खिलाफ जाकर 2020 में 13 साल से कम उम्र के 14 लाख बच्चों को टिकटॉक पर अकाउंट खोलने दिया।
ब्रिटिश सरकार ने यह जुर्माना सभी सरकारी फोनों में टिकटॉक प्रतिबंधित करने के एक महीने बाद लगाया है। ब्रिटिश डेटा संरक्षण कानून के तहत 13 साल से कम उम्र के बच्चों के निजी डेटा का इस्तेमाल करने वाले संगठनों को बच्चों के माता-पिता या देखभाल करने वालों की सहमति लेना जरूरी है। ब्रिटिश सूचना आयुक्त जॉन एडवर्ड ने कहा, यह सुनिश्चित करने के लिए कानून हैं कि हमारे बच्चे डिजिटल दुनिया में उतने ही सुरक्षित हैं, जितने भौतिक दुनिया में। टिकटॉक ने इन कानूनों का पालन नहीं किया। टिकटॉक को इसके बारे में अच्छे से पता होना चाहिए था। जांच के मुताबिक, टिकटॉक के कुछ अधिकारियों ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के प्लेटफॉर्म पर होने का मुद्दा आंतरिक स्तर पर उठाया था। इसके बावजूद इन बच्चों को प्लेटफॉर्म से नहीं हटाया गया।
सुरक्षा पर 24 घंटे निगरानी का दावा
टिकटॉक के प्रवक्ता ने बताया कि हम जुर्माने की समीक्षा कर रहे हैं। सभी पहलुओं को समझने के बाद कदम उठाएंगे। टिकटॉक के प्रवक्ता ने बताया कि हमारी मजबूत सुरक्षा टीम यूजर्स के लिए प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने में 24 घंटे काम करती है।
चीनी सरकार के साथ साझेदारी से इनकार
टिकटॉक पर चीन की प्रौद्योगिकी कंपनी बाइटडांस का मालिकाना हक है। उसका कहना है कि वह उपभोक्ताओं का निजी डेटा चीनी सरकार से साझा नहीं करती। ब्रिटेन की संस्था ने पहले भी टिकटॉक को चेतावनी दी थी कि उल्लंघनों के लिए वह 2.7 करोड़ पाउंड के जुर्माने का सामना कर सकता है।
Updated on:
06 Apr 2023 08:22 am
Published on:
06 Apr 2023 12:42 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
