जयपुर . परकोटे में दिक्कतों की स्मार्ट सिटी किशनपोल बाजार के बाद अब जौहरी बाजार पहुंच गई है। परकोटे के प्रतिष्ठित जौहरी बाजार में स्मार्ट सिटी निर्माण कार्य के तहत डिवाइडर बनाकर वहां पहले से लगी सूरज के निशान वाली लाइटें हटाकर नई लाइटें लगाई जा रही हैं। अभी सैम्पल के तौर एक नई लाइट लगा दी गई है और कुछ के लिए फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है। कार्य जारी रहा तो संभव है कि जयपुर की पहचान बनी ये हैरिटेज लाइटें दिखना ही बंद हो जाएंगी। स्मार्ट सिटी के तहत विवादित निर्माण में यह दूसरा बाजार है। किशनपोल बाजार में लोगों में पहले से ही रोष है। इधर, मेट्रो सिटी प्रोजेक्ट अधिकारियों का कहना है कि सीमेंटेड लाइटों को हटाकर नई लाइट लगाने का कार्य शुरू किया है। इन लाइटों पर भी अधिकारियों ने सूर्य का निशान लगाने का दावा किया है।