पत्रिका न्यूज नेटवर्क/जयपुर। Bisalpur Dam: मानसून की बेरुखी इस बार शहर की आबादी की लाइफ लाइन बन चुके बीसलपुर बांध पर भारी पड़ती दिख रही है। पिछले वर्ष मानसून में 71 दिन बाद बांध ओवर फ्लो हो गया था वहीं इस बार प्रतिदिन बांध से एक सेंटीमीटर पानी कम हो रहा है। इस कारण अगले माह से शुरू होने वाले पृथ्वीराज नगर और लक्ष्मण डूंगरी प्रोजेक्ट के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। इंजीनियरों का कहना है बांध में अगर पानी की पर्याप्त आवक नहीं होती है तो दो प्रोजेक्ट के अलावा अन्य प्रोजेक्ट पर भी संकट आएगा।