प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज गर्मी तो कभी मौसम में ठंडक़ महसूस होने लगती है। सुबह तेज धूप खिलती है और दोपहर तक आसमान में बादल छा जाते है। ये सब अरब सागर में एक्टिव हुए चक्रवाती तंत्र का असर है। इस चक्रवाती तंत्र के चलते प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश हो रही है, जिससे एक ओर वातावरण में ठंडक घुली है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बुधवार रात को तेज आंधी के साथ आई बारिश ने जहां रबी की फसलों को नुकसान पहुंचाया, वहीं गुरुवार दोपहर में भी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।