
फाइल फोटो पत्रिका
Weather Update : मौसम विभाग ने आज सोमवार 7 जुलाई को 19 जिलों मे बारिश का डबल अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 4 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सीकर, जयपुर, जयपुर शहर, चूरू जिलों के आस-पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम व एक-दो दौर भारी बारिश की संभावना है। साथ ही आकाशीय बिजली व कहीं कहीं 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग ने आज सोमवार 7 जुलाई को राजस्थान के 15 जिलों मे येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अलवर, दौसा, अजमेर, बूंदी, बीकानेर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा झूंझूनु, कोटा, टोंक, भरतपुर, नागौर, धौलपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों के अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली के साथ कहीं कहीं 20-30 KMPH की गति से हवा चलने की प्रबल संभावना है।
राज्य में एक बार फिर पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केन्द्र के अनुसार 8 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम केन्द्र के अनुसार भरतपुर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन मध्यम से तेज व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की बारिश आगामी 2-3 दिन होने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार राज्य में बारिश का दौर धीमा रहा। बांसवाड़ा, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, जालोर, करौली, झुंझुनूं, राजसमंद, उदयपुर और श्रीगंगानगर में बारिश हुई।
जयपुर में रविवार को अलग-अलग इलाकों में जमकर बारिश हुई। दोपहर बाद बनीपार्क, शास्त्रीनगर, सीकर रोड, दुर्गापुरा, वैशाली नगर, खातीपुरा और जेएलएन मार्ग जैसे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया। जयपुर में कुल 7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र के अनुसार, 8 जुलाई से जयपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी हुई। रिमझिम बारिश हो रही है। संभावना है कि आज पूरे दिन में कभी भी भारी हो सकती है।
Updated on:
9 Jul 2025, 4:58 PM IST
Published on:
7 Jul 2025, 7:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.