
महलां/बगरू। सड़क हादसे में गंभीर घायल झाग में प्रजापत मोहल्ला निवासी युवक ने एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता बेसुध हो गए।
जानकारी के अनुसार झाग निवासी गिर्राज प्रजापत पुत्र भोलूराम प्रजापत (32) शादी समारोह में 26 मार्च को सांगानेर गया था। इसी दौरान अपने गांव झाग आते समय मुहाना बस स्टैंड के समीप मिनी बस की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गया। हादसे की सूचना पर परिजनों ने गंभीर घायल गिर्राज प्रजापत को उपचार के लिए सवाई मानसिंह चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया।
जहां पर उपचार के दौरान सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। गिर्राज के मौत की सूचना ग्रामीणों को मिली तो जिसने भी सुना तो आंखें नम हो गई। गिर्राज की मौत के बाद प्रजापत मोहल्ले में चूल्हे नहीं जले। मृतक गिर्राज सैनेटरी एवं पेंटिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। मृतक गिर्राज के 6 वर्ष का एक बेटा व 3 वर्ष की बेटी है।
Published on:
4 Apr 2023, 2:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.