
Patrika news
जैसलमेर. जैसलमेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली का फॉल्ट आमजन के लिए दुविधा बन गया है। इस बार फलसूण्ड क्षेत्र में आया फॉल्ट 25 घंटे बाद पकड़ में आया। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में बिना बिजली के ग्रामीणों को पच्चीस घंटे निकालने पड़े। ऐसे में क्षेत्र के लोग पसीने से भीगे रहे और शरीर से दुर्गन्ध आती रही। जिससे आमजन की नींद और चैन दोनों चले गए और लोगों को परेशान होना पड़ा। जानकारों की माने तो भीषण गर्मी में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे फॉल्ट से आमजन की दुविधा को बढ़ा दिया है।
व्यवस्था में ‘फॉल्ट’, 25 घंटे बंद रही बिजली
फलसूण्ड. क्षेत्र के कई गांवों में 25 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों को परेशानी हुई। शुक्रवार को सुबह आठ बजे क्षेत्र में तेज आंधी के कारण विद्युत लाइनों में फॉल्ट आ गया, जिससे पारासर, फरसाणी भीलों की ढाणी, भूरसिंह की ढाणी, तगजीरो की ढाणी सहित कई गांवों व ढाणियों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जो शुक्रवार को दिनभर व पूरी रात बंद रही। ग्रामीणों को भीषण गर्मी में खासी परेशानी हुई। शनिवार को सुबह नौ बजे बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
विधायक ने किया ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा
जैसलमेर. विधायक छोटूसिंह भाटी ने दो दिवसीय सगन ग्रामीण दौरा किया। ग्राम लूणार, पोछीणा, मसुरिया, जामड़ा, पूनमनगर एवं ग्राम बइया का दौरा किया। ग्रामीणों की जनसमस्याएं से रूबरू हुए। ग्राम बइया में विधायक निधी से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। ग्रामीणों की ओर से विधायक भाटी का आभार व्यक्त किया गया। विधायक भाटी ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की लोकप्रिय योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों से आग्रह किया कि इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करे। ग्रामीणों ने पानी एवं बिजली की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही ग्रामीणों की ओर से नहर सर्वे के कारण वंचित ग्राम सर्वे के काम को शीघ्र पूर्ण कर भूमिहीनों को शीघ्र मुरब्बे आवंटन कराने का आग्रह किया।
Published on:
22 Apr 2018, 8:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.