
गडीसर तालाब पर श्रमदान करते हुए।
जैसलमेर. मरुधरा में शुक्रवार को गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी-राष्ट्रसेवा के विचारों की उजास दिखाई दी। जिलेभर में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई। शिक्षण संस्थानों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को स्मरण किया गया। कहीं पुष्पांजलि से श्रद्धा के फूल खिले तो कहीं विद्यार्थियों की रचनाओं में सत्य, अहिंसा और राष्ट्रप्रेम के रंग उतरे। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर संवारे और पौधों की देखभाल की। फतेहगढ़ सहित विभिन्न विद्यालयों में पोस्टर, निबंध और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गांधी और शास्त्री के विचारों को अपनी अभिव्यक्ति दी।
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिले में जनभागीदारी से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा को बढ़ावा देने के लिए गतिविधियां जारी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ऐतिहासिक गड़ीसर झील पर ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत व्यापक श्रमदान कार्यक्रम किया गया। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों, संगठनों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर गड़ीसर झील व आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। प्लास्टिक कचरा, झाड़ियां व अन्य अपशिष्ट हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर गड़ीसर पाल पर पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, नगर परिषद सभापति विजय डांगरा, उपसभापति मधुबाला, पार्षद अरुण पुरोहित सहित कई अधिकारी, पार्षद व नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प किया। जिला प्रशासन ने आमजन से स्वच्छ जैसलमेर के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
फतेहगढ़. पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं निबंध के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रमणलाल प्रजापत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, नैतिकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
Updated on:
02 Oct 2026 08:41 pm
Published on:
02 Oct 2026 08:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
