पोकरण (जैसलमेर). राजफेड की ओर से क्षेत्र के राजमथाई गांव में समर्थन मूल्य पर रायड़े व चने की खरीद के लिए सोमवार को केन्द्र शुरू किया गया है। जिसका सरपंच मदनसिंह राठौड़ ने आगाज किया। गौरतलब है कि राजफेड की ओर से पोकरण व राजमथाई गांव में क्रय विक्रय सहकारी समिति पोकरण के सहयोग से समर्थन मूल्य पर रायड़े व चने की खरीद के केन्द्र स्वीकृत किए गए है। जिनमें से राजमथाई केन्द्र को सोमवार को शुरू किया गया। खरीद केन्द्र प्रभारी खुमाराम चौधरी ने बताया कि राजफेड की ओर से चार हजार रुपए प्रति क्विंटल रायड़ा व 4400 रुपए प्रतिक्विंटल के भाव से चने की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को सरपंच राठौड़, ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष अर्जुनराम ओड, व्यवस्थापक उगमसिंह, भारतीय किसान संघ जिला उपाध्यक्ष गिरधरसिंह भाटी, कृषि पर्यवेक्षक प्रहलाद शर्मा, वार्डपंच भैरुसिंह राठौड़ की उपस्थिति में खरीद केन्द्र का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि एक किसान न्यूनतम एक हेक्टेयर में साढे 11 क्विंटल के हिसाब से रायड़े की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि रायड़ा व चना प्रतिगिरदावरी 25 से 50 क्विंटल तक खरीदा जाएगा।