
बॉलीवुड फिल्म में आइटम गर्ल बना था क्विन हरीश, देश-दुनिया के लाखों प्रशंसकों में छाई मायूसी
जैसलमेर.
जोधपुर में बिलाड़ा के समीप सडक़ हादसे में 38 वर्षीय नामचीन डांसर क्विन हरीश की मौत ( Dancer Queen Harish Died ) ने जैसलमेर जिले के बाशिंदों ही नहीं बल्कि देश-दुनिया के लाखों प्रशंसकों को भी हिला दिया है। पुरुष होते हुए भी महिला के रूप में देश और दुनिया के विख्यात मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों का जादू बिखेरने वाला जैसलमेर का डांसर क्विन हरीश अब दुनिया को अलविदा कर चुका है। क्विन हरीश एक मात्र ऐसे पुरुष कलाकार थे, जिन्होंने बॉलीवुड फिल्म में आइटम गर्ल की भूमिका अदा की। वे प्रकाश झा की गंगाजल- 2 में नजर आए थे।
बचपन से नृत्य के शौकीन Queen Harish के सिर से माता-पिता का साया बचपन में ही उठ गया। पारिवारिक जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए उन्हें डांस के शौक को पेशे में बदलना पड़ा। वर्ष 1998 में नगर की होटलों में सैलानियों के सामने डांस शुरू करने वाले हरीश ने अपनी लगन और नया सीखने की चाहत से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने राजस्थानी घूमर नृत्य से शुरूआत की तथा जल्द ही कालबेलिया, चेरी नृत्य, भवई, तेरहताली आदि राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में लोकप्रिय नृत्य विधाओं को आत्मसात किया।
क्विन हरीश ने अमेरिकी आदिवासियों द्वारा किए जाने वाले बैली डांस का हुनर भी हासिल किया। शुरू-शुरू में विदेशी चैनल पर ‘जिप्सी कारवां’ कार्यक्रम में उन्होंने परफॉर्मेंस दी। क्विन हरीश ( rajasthan dancer Queen Harish ) ने बंगाली, दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी राजस्थानी नृत्य का जलवा दिखाया है। ‘इंडियाज गोट टेलेंट’ के सीजन-2 के सेमीफाइनल तक हरीश पहुंचे थे और इस कार्यक्रम में उन्होंने विख्यात सिने कलाकारों किरण खेर, सोनाली बेंद्रे और निर्देशक साजिद खान का दिल जीत लिया था।
बॉलीवुड सहित क्षेत्रीय फिल्मों के कई स्थापित कोरियोग्राफर उन्हें एक बेहतरीन डांसर के तौर पर जानते थे। विदेशों में राजस्थानी संस्कृति के दूत क्विन हरीश ने दुनिया भर के अलग-अलग देशों में राजस्थान की संस्कृति की खुशबू बिखेरी है। उन्होंने करीब 50 देशों में जाकर लाइव परफॉर्मेंस दी, जिसमें अमेरिका और जापान के साथ लगभग पूरा यूरोप तथा अन्य देश शामिल हैं।
पेरिस में हुए विश्व कप फुटबॉल के शुभारंभ समारोह से लेकर पं. बिरजू महाराज और उस्ताद जाकिर हुसैन जैसे दिग्गज फनकारों के ग्रुप में शामिल होकर राजस्थान की चटख रंगों से भरपूर संस्कृति की छाप छोडक़र हर किसी को प्रभावित किया। पूरी दुनिया में 15 हजार से ज्यादा उनके विद्यार्थी हैं, जिन्हें वे भारतीय क्लासिकल से लेकर विश्व के अलग-अलग हिस्सों में लोकप्रिय नृत्य विधा की बारीकियां सिखाते हैं। उनकी वर्कशॉप जैसलमेर में तो नियमित चलती ही थी, इसके साथ प्रत्येक दो वर्ष में एक बार वह अमेरिका और जापान में जाकर डांस वर्कशॉप लगाते थे।
इस तरह हुआ हादसा
जोधपुर के बिलाड़ा के पास भीषण सड़क हादसे में जैसलमेर क्विन हरीश ( Queen Harish Accident ) ने अपनी जान गंवा दी। जानकारी के अनुसार ट्रोले व कार के बीच भिड़ंत होने से यह हादसा हुआ। हादसे में चार जनों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में सभी मृतक जैसलमेर के ही बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार बिलाड़ा के पास कापरड़ा गांव में कार, ट्रोले में जा घुसी। जिससे यह भीषण हादसा हुआ। इसके बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। शवों को बिलाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
यह खबरे भी पढ़ें.. साइकिल से संसद जाने वाले मेघवाल मोदी की हैं पसंद, 13 साल की उम्र में हो गई थी शादी, जानें कुछ खास बातें
सीएम ने भी जताया दुःख
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( Ashok Gehlot )ने ट्वीट करके इस हादसे पर दुःख जताते हुए कहा कि ख्यातनाम कलाकार हरीश कुमार उर्फ़ क्वीन हरीश सहित चार लोगों की दर्दनाक मृत्यु बेहद दुखद है। राजस्थान की लोक कला संस्कृति को समर्पित हरीश ने विशेष शैली में नृत्य कला से जैसलमेर को एक अलग पहचान दी। उनका निधन लोक कला क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है।
Updated on:
2 Jun 2019, 3:06 PM IST
Published on:
2 Jun 2019, 2:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.