
Patrika news
पोकरण(जैसलमेर). क्षेत्र के भणियाणा गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को विद्यालय प्रशासन व पूर्व विद्यार्थी परिषद की ओर से पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन सखा संगम - 2018 का आयोजन किया गया। जिसमें गत 68 वर्षों में विद्यालय में अध्ययन कर चुके बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत, सेवानिवृत्त एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्यार्थियों को साफा पहनाकर, स्मृति चिह्न भेंट कर व शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी व बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा के मुख्य आतिथ्य, सरपंच कमला चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम सखा संगम 2018 में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत की।
बच्चों को रुचि के अनुसार करवाएं शिक्षण कार्य
मुख्य अतिथि गोदारा ने कहा कि गत 68 वर्ष पूर्व 1950 में स्थापित इस राजकीय विद्यालय में विकट भौगोलिक परिस्थितियों व संसाधनों की कमी के बावजूद विद्यालय के कई छात्र छात्राओं ने ऊंचे मुकाम हासिल किए है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में भागीदार बनकर सदैव अच्छा करने का संकल्प लेकर आगे बढना चाहिए, ताकि भावीपीढी समाज, गांव व राष्ट्र का नाम रोशन कर सके। विशिष्ट अतिथि उत्तर-पश्चिम रेलवे के उपमुख्य अभियंता दमाराम सऊ ने विद्यालय के शैक्षणिक व सहशैक्षणिक गतिविधियों में गुणात्मक सुधार लाने व भावीपीढी का मार्गदर्शन करने, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.एसआर जाखड़ ने शिक्षा का उद्देश्य मात्र सरकारी नौकरी नहीं समझकर उसे मानव समाज व राष्ट्र निर्माण से जोडकऱ देखने की बात कही। सेवानिवृत कर्नल एआर पंवार ने विभिन्न पदों पर देश के कोने-कोने में सेवाएं दे रहे पूर्व विद्यार्थियों से अपनी धरती से प्रेम करने व समय-समय पर अपने विद्यालयों में आकर भावीपीढी को मार्गदर्शन करने का आह्वान किया। सीआरपीएफ के कमाण्डेंट अचलाराम बेरड़ ने कहा कि किसी भी कार्य में सफलता तभी मिलती है, जब व्यक्ति धैर्य व शांति के साथ अपने कार्य में लगा रहता है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोतरा अजीजखां मेहर ने अनुभव बयां किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा कैलाशदान रतनू ने कहा कि व्यक्ति अपनी मेहनत व बड़ों के आशीर्वाद से ही आगे बढ़ पाता है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी मदनसिंह सारण, पूर्व जिला प्रमुख नैनदान रतनू, सेवानिवृत आयकर उपायुक्त व भणियाणा विद्यालय के प्रथम शिक्षक रहे डीएन पारिक, सीए नारायण राठी, पूर्व सरपंच उमरदीन मेहर, प्रवासी भारतीय उद्योगपति नवलकिशोर गोदारा, डॉ.रमेश जाखड़, डॉ.भरत सारण ने संबोधित किया। प्रधानाचार्य जसाराम चौधरी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समाजसेवी रणवीरसिंह गोदारा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सोनाराम महिया, बरकतखां व सोहन जाट ने किया।
इन्हें भी किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पूर्व छात्र रहे समाजसेवी जेठाराम सुथार, सोहनसिंह गोदारा, अधिवक्ता विशनसिंह गोदारा, भगवानसिंह जाखड़, जैसलमेर सैंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष डोलीदेवी गोदारा, पंचायत समिति सदस्य राधादेवी, पुलिस उपनिरीक्षक भंवरसिंह को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय विकास के लिए प्रवासी भारतीय गोदारा ने पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी प्रकार अन्य पूर्व विद्यार्थियों व ग्रामीणों ने करीब 12 लाख रुपए विद्यालय को सहयोग राशि प्रदान की।
Published on:
07 May 2018 10:23 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
