14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaisalmer Crime news- लोक कलाकार की मौत के बाद परिजनों को मिली धमकियां, घर पर ताले लगा छोड़ा गांव

रात में मिली धमकियां, तो सुबह घरों में लगे ताले -लोक कलाकार की मौत का मामला -दबंग लोगों की धमकियों के बाद बना भय का माहौल -पुलिस अधीक्षक से की सुरक्षा

3 min read
Google source verification
Jaisalmer patrika

Jaisalmer crime news

जैसलमेर(फलसूण्ड). क्षेत्र के दांतल गांव में पांच दिन पूर्व एक मंगणियार लोक कलाकार की हुई मौत व उसकी हत्या के आरोप में पुलिस में दर्ज मामले के बाद गांव के कुछ दबंग लोगों की धमकियां मिलने से भयभीत मंगणियार जाति के सभी परिवारों ने मंगलवार को जैसलमेर जाकर जिला पुलिस अधीक्षक से न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने न्याय व सुरक्षा नहीं मिलने की स्थिति में हमेशा के लिए गांव से पलायन करने व गांव छोडक़र चले जाने की भी बात कही। गौरतलब है कि गत 27 सितम्बर को दांतल गांव में स्थित आईनाथ माता मंदिर में भजन करने गए दांतल निवासी अहमदखां मंगणियार की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। जिस पर सोमवार को उसके भाई सुगेखां की ओर से पुलिस में आईनाथ माता मंदिर के भोपा रमेशकुमार व उसके दो भाईयों के विरुद्ध मारपीट कर उसकी हत्या कर देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया था।
दांतल निवासी सुगेखां सहित मंगणियार जाति के अन्य लोगों ने बताया कि पांच दिन पूर्व अहमदखां मंदिर में देवी के भजन करने गया था। आरोप है कि यहां मंदिर के भोपा रमेश कुमार सुथार, उसके भाई श्यामलाल व ताराराम सुथार के साथ उसके भाई का विवाद हो गया। जिस पर तीनों जनों ने मिलकर उसके भाई अहमदखां के साथ मारपीट की। जिस पर वह वहां से भागा, लेकिन उन लोगों ने गाड़ी से उसका पीछा कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जिसको लेकर उसकी ओर से सोमवार की शाम पुलिस में मारपीट व हत्या का मामला दर्ज करवाया गया।जिससे आरोपित तीनों भाई व गांव के अन्य दबंग लोग उससे नाराज हो गए तथा रात को फोन पर उन्हें धमकियां दी एवं मामला वापिस लेने का दबाव बनाया। अन्यथा गांव छोडक़र चले जाने की भी धमकी दी। आरोपितों व गांव के दबंगों ने उन्हें कहा कि यदि वे गांव में रहे, तो गांव में कोई भी व्यक्ति उनसे बात नहीं करेगा तथा न ही उनसे संबंध रखेगा। पूरी रात उन्हें धमकियां मिलती रही। उन्होंने रात जैसे-तैसे भय व दहशत में निकाली। सुबह होते ही गांव में निवास कर रहे मंगणियार जाति के सभी 15 परिवार महिलाओं व बच्चों सहित घरों के ताले लगाकर जैसलमेर के लिए निकल गए।
लगाई न्याय व सुरक्षा की गुहार
दांतल गांव के मंगणियार परिवारों ने मृतक केभाई सुगेखां के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की तथा हकीकत बताते हुए न्याय व सुरक्षा की मांग की। उन्होंने बताया कि अहमदखां की मौत के बाद उनकी ओर से फलसूण्ड थाने में मारपीट व हत्या का मामला दर्ज करवाया गया। जिसकी पुलिस जांच कर रही है, लेकिन मामला दर्ज करवाने के कुछ घंटे बाद ही आरोपितों व गांव के कुछ दबंग लोगों की ओर से उन्हें मामला वापिस लेने की धमकियां मिलने लगी। उन्हें मारपीट करने, गांव से संबंध नहीं रखने व गांव में नहीं रहने की धमकियां मिलने लगी। ऐसे में अब उनका गांव से कोई नाता नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी मंगणियार परिवार गरीब परिवार है, जो यजमानों के घर में गाना बजाना कर अपना जीवनयापन करते है। उन्होंने कहा कि वे अन्यंत्र कहीं पर भी मजदूरी कर अपना पेट पाल लेंगे, लेकिन गांव नहीं जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अहमदखां के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाने, मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाने, पीडि़त परिवारों को सुरक्षा व न्याय दिलाने की मांग की।जिस पर पुलिस अधीक्षक ने हरसंभव सुरक्षा व न्याय का भरोसा दिलाया।
मामले की होगी निष्पक्ष जांच
दांतल गांव से मंगणियार परिवार गांव छोडक़र चले गए है, इसकी न तो उन्हें जानकारी है, न ही उन्हें बताया गया है। अहमदखां की मारपीट कर हत्या कर देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसकी निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। बुधवार को शव को निकालकर उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
-गिरधरसिंह, थानाधिकारी पुलिस थाना, फलसूण्ड


मेडिकल बोर्ड से करवाएंगे पोस्टमार्टम
पीडि़त मंगणियार परिवार के सदस्य तथा अन्य लोग मुझसे मिले थे।उनकी मांग पर दफनाए गए शव का पोस्टमार्टम जैसलमेर से डॉक्टरों की टीम से बुधवार को करवाया जाएगा। ऐसे ही उन्होंने गांव में दबंग तत्वों से सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जिस पर चार पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा में तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
-गौरव यादव, जिला पुलिस अधीक्ष् ाक, जैसलमेर