हमला तो भारत को करना था...
लोंगेवाला की जीत के नायक कुलदीप सिंह चांदपुरी ने कहा कि, 1971 में भारतीय सेना को पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश कर हमला करना था, लेकिन उससे पहले पाकिस्तान ने लोंगेवाला में हमला बोल दिया। पहले पहल सेना के उच्चाधिकारियों को तो यकीन ही नहीं हुआ कि, पाकिस्तान के टैंक लोंगेवाला पोस्ट की तरफ बढ़ रहे हैं। चांदपुरी ने इस विजय के लिए उन्हें नायक बताए जाने पर कहा कि, यह विजय उनके साथियों के मजबूत इरादों तथा मौत को प्रत्यक्ष देखकर भी उच्चतम वीरता का परिचय दिए जाने से मिली। इसमें भारतीय वायुसेना का भी अहम योगदान रहा। जिसने 6 दिसम्बर की सुबह लोंगेवाला में हंटर विमानों से सटीक निशाने लगाकर दुश्मन के टैंकों की कब्रगाह बना दी। चांदपुरी ने कहा कि भारतीय सेना उस जमाने से आज कहीं अधिक सक्षम और प्रशिक्षित है। उन्हें विश्वास है कि युद्ध का मैदान फिर सजता है तो हमारे जवान अपनी पूर्व पीढ़ी से भी आगे बढकऱ देश के लिए वीरता का प्रदर्शन करेंगे।