जैसलमेर. एससीएसटी महासंघ व शेड्यूल्स स्टूडेण्ट एंड यूथ युनियन के युवा कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित नहीं करने पर सोमवार को आक्रौश रैली निकाल कर काले झंडे लहरा कर विरोध प्रदर्शन किया। अम्बेडकर उद्यान से दोपहर बाद रैली रवाना हुई और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची और विरोध प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट के समक्ष धरना शुरू किया, जो देर शाम तक जारी था। इससे पहले आक्रोश रैली को अम्बेडकर पार्क में सभा आयोजित की गई। सभा को महासंघ के कूम्पाराम, दिनेश कुमार, कन्हैयाराम, धर्मेन्द्र , पोकर मेधवाल, चेतन इणखिया, भीम सेना के रविन्द्र परिहार, एसएसवाईयू के जिला सह संयोजक हिन्दराम पंवार, आजाद मेघवाल, रमेश चौहान आदि ने संबोधित किया। उन्होंने तय सीमा में खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा पुन: स्थापित नहीं करने पर रोष जताया और सभी को एकजुट होकर सरकार और प्रशासन के विरुद्ध संघर्ष करने की अपील की।
सौंपा ज्ञापन
महासंघ की ओर से जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि गत 21 जनवरी को इस सबंध में एडीएम को ज्ञापन देकर 26 फरवरी तक नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई थी, लेकिन तय समय सीमा में प्रतिमा नहीं लगाने पर रोष जताया। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि जब तक प्रतिमा स्थापित करने के लिए कोई ठोस कार्यवाही नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
फूंका पुतला, लहराये काले झंडे
महासंघ की ओर से खंडित प्रतिमा को तय सीमा में स्थापित नहीं करने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और काले झंडे लहराकर विरोध प्रदर्शन किया।