पोकरण(जैसलमेर). क्षेत्र के नाचना गांव में उपनिवेशन विभाग की ओर से नहरी भूमि दावों की सुनवाई व फैसलों को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से की जा रही जांच के अंतर्गत मंगलवार को जोधपुर से आए विशेष दल के सदस्यों ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। गौरतलब है कि उपनिवेशन उपायुक्त नाचना की ओर से नहरी भूमि को लेकर की गई धांधली के आरोप को लेकर जैसलमेर एसीबी की ओर से प्रकरण दर्ज कर 234 पत्रावलियों की जांच की जा रही है। एसीबी के पुलिस अधीक्षक अजय लाम्बा की ओर से निरीक्षक अनिल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष दल गठित किया गया है, जो पत्रावलियों की अलग से जांच कर रहा है। जांच दल के सहायक उपनिरीक्षक चेतनराम ने बताया कि उनकी ओर से उन आरक्षित खसरों की जांच की जा रही है, जो गोचर, नाडी की आगोर, वन विभाग, भूतपूर्व सैनिकों, अनुसूचित जाति, जनजाति, वन विभाग आदि के लिए आरक्षित है तथा कहीं उन खसरों को भी फैसलों में शामिल तो नहीं कर लिया गया है। उन खसरों को चिन्हित कर राजपत्र में आरक्षित खसरों से मिलान किया जाएगा। यदि आरक्षित खसरों को भी उपायुक्त की ओर से अपने फैसलों में सम्मिलित किया गया है, तो कार्रवाई की जाएगी।