- पुलिस ने बीचबचाव कर तीन को किया गिरफ्तार
पोकरण . गांव खींवसर में शुक्रवार रात कुछ लोगों ने एक युवक से मारपीट कर उसका कान चबा लिया। गंभीर घायल अवस्था में पोकरण अस्पताल लाने पर उसे जोधपुर रैफर कर दिया। इसको लेकर शनिवार रात पीडि़त के पिता पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंचे तो बदमाशों ने पुलिस थाने के बाहर ही उन पर हमला कर दिया। इस पर पुलिस ने बीचबचाव करते हुए उन्हें शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार भणियाणा के खींवसर निवासी पूनाराम पुत्र मंगलाराम ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि शुक्रवार रात नौ बजे को उसके पुत्र हीराराम के साथ मगाराम पुत्र गुलाराम, रिड़मलराम, गोपाराम, उम्मेदाराम पुत्र मगाराम ने मारपीट की तथा दांतों से कान काट लिया। इससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे तत्काल पोकरण अस्पताल लाया गया। यहां उसे जोधपुर रैफर कर दिया गया।
शांतिभंग करने पर तीन गिरफ्तार
मामले को लेकर शनिवार रात को पूनाराम रिपोर्ट दर्ज करवाने आया। इस दौरान मगाराम, रिड़मलराम व गोपाराम उसके साथ मारपीट को उतारू हो गए। इसपर पुलिस ने बीच बचाव किया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर तीनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।