
Pole
जालौन. जालौन में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग की लापरवाही से एक ही स्थान पर 2 बड़े हादसे हो गये, जिसमें एक युवक की जान चली गयी, जबकि दूसरा ज़िंदगी की लड़ाई अस्पताल में लड़ रहा है। यह हादसा उरई तहसील इलाके के एट में हुआ।
बताया गया कि कई दिनों से एट कस्बे में विद्युत के तार टूटे पड़े थे जिसकी शिकायत कई बार स्थानीय लोग बिजली विभाग से कर चुके थे, लेकिन विभाग ने इसकी सुध नहीं दी और विभाग की इसी लापरवाही से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा बुरी तरह झुलस गया।
पहला हादसा एट कस्बे के अंदर हुआ। जब रात्रि के समय कस्बे के ही रहने वाले उमाशंकर पुत्र सियाराम वर्मा बाजार में घूमने निकले थे। बाजार में बिजली का तार टूटा पड़ा था, इसी की चपेट में आ जाने से उमाशंकर झुलस गया, इस हादसे को अन्य लोगों ने देखा तो आनन-फानन में उसे अस्पताल लाया गया, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गयी। इस घटना की जानकारी जब परिजनों को हुयी तो पूरे घर में मातम छा गया।
वहीं दूसरा हादसा भी एट कस्बे के बाहर हुआ। जब सुबह के समय भोलाराम पुत्र परशुराम निवासी धगुंवा रोड एट अपने खेत पर जा रहा था। वहाँ पर बिजली के खंभे का इंसुलेटर टूट जाने तार नीचे लटक रहा था, अंधेरा होने के कारण उसे तार दिखाई नहीं दिया और जिससे वह तार की चपेट में आ गया। लाईन के चालू होने के कारण वह बुरी तरह झुलस गया। इस घटना को उसके साथ जा रहे अन्य परिजनों ने देखा बिजली विभाग को सूचना दी, सूचना देने के बाद भी कई घंटे बाद बिजली सप्लाई बंद की गई। हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन हालत नाजुक होने के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
कस्बे के अंदर एक ही दिन में दो वारदात के बाद यहाँ के लोगों में गुस्सा देखने को मिला और कस्बे के अंदर जाम लगा लिया और बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। कस्बे के लोगों का कहना है कि विभाग को इन तारों के बारे में कई बार अवगत कराया गया लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया सिर्फ विभाग के अधिकारी बसूली करने में मस्त है।
Updated on:
24 Jun 2018 07:04 pm
Published on:
24 Jun 2018 05:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
